HomeBreaking Newsगर्लफ्रेंड के चक्कर में डूबा 657 करोड़ का बैंक, डांसर पर लुटाए...

गर्लफ्रेंड के चक्कर में डूबा 657 करोड़ का बैंक, डांसर पर लुटाए सरकारी पैसे, दुबई में विला से लेकर विदेश यात्राओं की खौफनाक लव स्टोरी

हरियाणा और चंडीगढ़ को हिलाकर रख देने वाले 657 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हाथ चौंकाने वाले खुलासे लगे हैं। घोटाले का मुख्य सूत्रधार IDFC फर्स्ट बैंक का ब्रांच मैनेजर ऋभव ऋषि निकला, जिसने एक डांसर के प्यार में अंधे होकर सरकारी खजाने को भारी चपत लगा दी। विवाहित होने के बावजूद उसने सरकारी खातों में हेराफेरी कर करोड़ों रुपये अपनी गर्लफ्रेंड की लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगे शौक और आलीशान पार्टियों पर उड़ा दिए। इस पूरे मामले में सीबीआई ने शिकंजा कस लिया है और ऋभव की गर्लफ्रेंड ही अब इस केस में मुख्य गवाह बन गई है।

पहली मुलाकात से 10 लाख महीने के भत्ते तक का सफर

सीबीआई की जांच और गवाह बनी लड़की के बयानों के मुताबिक, बिहार के सिवान की रहने वाली इस डांसर से ऋभव की मुलाकात वर्ष 2025 की शुरुआत में चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में हुई थी। इसके बाद जयपुर के फार्महाउस और 5 जुलाई 2025 को मुंबई के सेंट रेजिस होटल में मुलाकात के दौरान ऋभव ने अपने प्यार का इजहार किया। उसने अपनी पत्नी दिव्या अरोड़ा से तलाक लेकर शादी करने का वादा किया और लड़की का डांस छुड़वा दिया। इसके बदले में उसने अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक हर महीने 10 लाख रुपये का भत्ता दिया, जिससे लड़की को कुल 56 लाख रुपये मिले।

दिल्ली में 4 करोड़ का फ्लैट और विदेश में लग्जरी घूमना

ऋभव ने अपनी प्रेमिका के लिए 18 जुलाई 2025 को दिल्ली के द्वारका में करीब 4 करोड़ रुपये का आलीशान मकान खरीदा, जिसमें 49 लाख रुपये लड़की ने दिए और बाकी पूरी रकम ऋभव ने चुकाई। लड़की 2 जनवरी 2026 से इसी मकान में रह रही है। इसके अलावा दोनों ने चंडीगढ़, दिल्ली और गोवा के नामी फाइव स्टार होटलों में समय बिताया। अगस्त 2025 में मकाओ और थाईलैंड की सैर के बाद नवंबर 2025 में दोनों दुबई के बुर्ज अल अरब में ठहरे, जहाँ ऋभव ने एक विला दिखाकर भविष्य में वहीं बसने का सपना दिखाया और जनवरी 2026 में टोयोटा लैंड क्रूजर गाड़ी भी बुक कराई।

सरकारी अफसरों संग पार्टियाँ और सीबीआई का कसता शिकंजा

अपनी ठाठ-बाठ दिखाने के लिए ऋभव जिलाकपुर स्थित जेड मैनर में भव्य पार्टियाँ देता था, जिसमें हर बार 15 से 20 लाख रुपये पानी की तरह बहाए जाते थे और डांसरों पर नोट उड़ाए जाते थे। इन पार्टियों में हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होते थे। इस घोटाले में आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल का नाम भी सामने आया है, जिनके विभागों से 60.54 करोड़ रुपये की हेराफेरी हुई है। फिलहाल सीबीआई ऋभव द्वारा शेल कंपनियों के जरिए अपनी पत्नी व खुद के खातों में भेजे गए पैसों और फर्जी लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।

 

READ MORE: बच्चों से जुड़े राजनीतिक कंटेंट पर NHRC सख्त, Meta और पुलिस को भेजा नोटिस

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments