Vice President CP Radhakrishnan Chandigarh Visit: उपराष्ट्रपति और पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को चंडीगढ़ दौरे पर रहेंगे। चांसलर बनने के बाद यह उनका पंजाब यूनिवर्सिटी का पहला दौरा है। इस दौरान वह अत्याधुनिक रिसर्च सुविधाओं का उद्घाटन करने के साथ छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा बढ़ाने के साथ कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
सुबह 11 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति
सीपी राधाकृष्णन सुबह करीब 11 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम और लंच के बाद वह करीब 3:30 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
चांसलर बनने के बाद पहली बार PU पहुंचेंगे
पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर बनने के बाद यह सीपी राधाकृष्णन का विश्वविद्यालय का पहला दौरा होगा। इस दौरान वह एसएआईएफ/सीआईएल (सॉफिस्टिकेटेड एनालिटिकल इंस्ट्रूमेंटेशन फैसिलिटी/सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन लेबोरेटरी) की अपग्रेड की गई अत्याधुनिक रिसर्च सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे।
PU TIF का भी करेंगे उद्घाटन
उपराष्ट्रपति पंजाब यूनिवर्सिटी TIF का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे।
VIP मूवमेंट से शहर में ट्रैफिक प्रभावित
उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान वीआईपी रूट पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा। एयरपोर्ट से पंजाब यूनिवर्सिटी और वापसी के रास्ते में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जा सकता है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित रास्तों से बचने और जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन समयों में ट्रैफिक पर रहेगा खास असर
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुबह 10:30 से 11:30 बजे और दोपहर 2:45 से 3:30 बजे तक कुछ मार्गों पर यातायात आंशिक रूप से डायवर्ट और नियंत्रित रहेगा। इस दौरान एयरपोर्ट से PU आने-जाने वाले वीआईपी रूट पर विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही इन मार्गों का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक की ताजा स्थिति के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर रियल टाइम अपडेट भी देखे जा सकेंगे।
दक्षिण मार्ग पर रहेगा असर
दक्षिण मार्ग में एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) तक यातायात प्रभावित रहेगा।
सरोवर पथ पर भी ट्रैफिक नियंत्रित
सरोवर पथ में न्यू लेबर चौक से सेक्टर 7/8-18/19 चौक तक ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
मध्य मार्ग और विद्या पथ भी प्रभावित
मध्य मार्ग में सेक्टर 7/8-18/19 चौक से सेक्टर 11/12-14/15 चौक (पीजीआई चौक) तक यातायात नियंत्रित रहेगा। वहीं विद्या पथ पर पीजीआई चौक से सेक्टर 24/25 लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 25 स्थित यूआईईटी कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर भी असर रहेगा।
PU का गेट नंबर-2 रहेगा बंद
सुरक्षा व्यवस्था के चलते पंजाब यूनिवर्सिटी का गेट नंबर-2 पूरी तरह बंद रहेगा। आमंत्रितों, मेहमानों और आधिकारिक कर्मचारियों को गेट नंबर-3 से प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल वीवीआईपी गेट नंबर-1 से दाखिल होंगे।
आम लोगों के लिए पार्किंग की बदली व्यवस्था
आम लोगों के वाहनों के लिए लॉ ऑडिटोरियम के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कारणों से कैंपस में वाहनों की आवाजाही और प्रवेश व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
हाईराइज इमारतों पर स्नाइपर तैनात
उपराष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए वीआईपी मूवमेंट रूट पर आने वाली हाईराइज इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं। पुलिस ने साइकिल ट्रैक, पैदल मार्ग और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं करने की चेतावनी दी है। नियम तोड़ने पर कार्रवाई के साथ वाहन टो भी किए जा सकते हैं।
दौरे से पहले रूट रिहर्सल
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस की किलेबंदी कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए वीरवार को रूट रिहर्सल भी की गई। पुलिस ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
Read More:


[…] उपराष्ट्रपति CP राधाकृष्णन का आज चंडीग… […]