बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान(Saif Ali Khan) पर हुए हमले के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। मामले में आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने मुंबई की सेशंस कोर्ट में अर्जी देकर अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने की इच्छा सामने रखी है। आरोपी अब प्लीड गिल्टी के जरिए अपना अपराध कबूल करना चाहता है। खास बात यह है कि इससे पहले वह खुद को निर्दोष बताता रहा था।
आरोपी के वकील विपुल दुशिंग ने शुक्रवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जी. पी. देशमुख की अदालत में यह आवेदन पेश किया। बचाव पक्ष का कहना है कि शरीफुल इस्लाम अपनी गलती मानने को तैयार है और चाहता है कि मुकदमे को लंबा चलाने के बजाय उसकी सजा में कुछ नरमी बरती जाए। कोर्ट ने इस आवेदन पर सरकारी पक्ष से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई अब 11 सितंबर को होगी।
क्या हुआ था सैफ अली खान के साथ?
यह घटना 16 जनवरी 2025 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में दाखिल हुआ था। एक्टर के सामने आने के बाद दोनों के बीच झड़प हुई। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से चाकू से सैफ पर कई वार किए।
हमले में सैफ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी सर्जरी की गई। इलाज के बाद करीब पांच दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
आरोपी पर लगे हैं गंभीर आरोप
मोहम्मद शरीफुल इस्लाम के खिलाफ BNS की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इनमें हथियार के साथ डकैती, गंभीर चोट पहुंचाने और जबरन घर में घुसने जैसे आरोप शामिल हैं। विदेशी नागरिक होने के कारण उसके खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट और पासपोर्ट से जुड़े नियमों के उल्लंघन के मामले भी दर्ज हैं।
11 सितंबर को साफ होगी तस्वीर
शुरुआत में आरोपी ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए मुकदमा लड़ने की बात कही थी। अब गुनाह कबूल करने की अर्जी देकर उसने अपना रुख बदल लिया है। हालांकि, उसकी अर्जी पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। 11 सितंबर की सुनवाई में सरकारी पक्ष अपना जवाब देगा जिसके बाद अदालत तय करेगी कि आरोपी की याचिका पर क्या कार्रवाई की जाए।