पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। राज्य में अलग-अलग जगहों पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 54 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और ड्रग्स से जुड़ी सामग्री बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 3.9 किलोग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम अफीम की भूसी और 80 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
इसके अलावा आरोपियों के पास से 900 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नशा करने वालों की काउंसलिंग पर भी जोर
पंजाब पुलिस की कार्रवाई केवल ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही। अभियान के दौरान 6 लोगों की काउंसलिंग भी की गई। इन लोगों को नशे की लत से बाहर निकलने और सामान्य जीवन में वापस लौटने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने उन्हें नशा छुड़ाने और रिहैबिलिटेशन ट्रीटमेंट लेने के लिए भी समझाया। अधिकारियों का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल तस्करों पर कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इलाज और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
54 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनके संपर्कों और सप्लाई चैन की जांच में जुटी है। बरामद हेरोइन, अफीम की भूसी और नशीली गोलियों को लेकर यह पता लगाया जा रहा है कि इन्हें पंजाब में कहां से लाया गया था और किन इलाकों में इनकी सप्लाई की जानी थी। पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई से साफ है कि पुलिस तस्करों के साथ-साथ नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी जोर दे रही है।
Read More
ट्रंप ने बदला लेक ओंटारियो का नाम, कनाडा के PM कार्नी ने किया खारिज

