उत्तर प्रदेश में H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार सुबह प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन में अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में स्वास्थ्य व्यवस्था और फ्लू के मामलों की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में अधिकारियों के साथ सभी जिलों के CMO, CMS और मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य शामिल हुए। ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को H1N1 और सीजनल फ्लू के मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
केस सामने आते ही ट्रैकिंग और जांच के निर्देश
डिप्टी CM ने डॉक्टरों से कहा कि प्रदेश में कहीं भी H1N1 या फ्लू का संदिग्ध मामला सामने आता है, तो उसकी तुरंत पहचान, जांच और ट्रैकिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की निगरानी के साथ-साथ अस्पतालों में जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि हाल के दिनों में खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ में बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का फोकस मरीजों की पहचान करने, उनकी जांच कराने और जरूरत के मुताबिक इलाज उपलब्ध कराने पर है।
आज लखनऊ में बुखार एवं फ्लू से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के चिकित्साधिकारियों के साथ "समीक्षा बैठक" कर बुखार एवं फ्लू की रोकथाम, स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता, मरीजों के उपचार एवं सतत निगरानी व अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर… pic.twitter.com/pfKKG0xBxt
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) August 29, 2026
ज्यादा जांच शुल्क वसूलने पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान डिप्टी CM ने पैथोलॉजी संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि H1N1 या अन्य जांचों के लिए सरकार की ओर से निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे नहीं लिए जा सकते। अगर किसी पैथोलॉजी सेंटर की ओर से मरीजों से तय शुल्क से ज्यादा वसूली की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘घबराने की जरूरत नहीं
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे प्रदेश को सतर्क मोड पर रखा गया है और स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
Read More
ट्रंप ने बदला लेक ओंटारियो का नाम, कनाडा के PM कार्नी ने किया खारिज

