Onion Prices: रसोई के बढ़ते बजट से परेशान आम लोगों के लिए बड़ी राहत है। दिल्ली में आज यानी 27 अगस्त से 35 रुपये प्रति किलो के रियायती दाम पर प्याज की बिक्री शुरू हो रही है। देश के कई बड़े शहरों में प्याज का खुदरा भाव 55 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गया था। बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी इस पहल की शुरुआत करेंगे।
नासिक से आएगी ‘कांदा एक्सप्रेस’ की प्याज
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए महाराष्ट्र के नासिक से विशेष मालगाड़ी ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए बड़ी खेप भेजी जा रही है। अकेले NCCF नासिक से 400 टन प्याज मंगा रहा है। वहीं, Nafed के जरिए 800 टन प्याज की पहली बड़ी खेप दिल्ली पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में चेन्नई, गुवाहाटी, कोच्चि और वाराणसी जैसे शहरों में भी प्याज की सप्लाई बढ़ाई जाएगी।
100 केंद्रीय भंडार स्टोर्स पर मिलेगी प्याज
सरकार ने सस्ती प्याज लोगों तक पहुंचाने के लिए कई स्तरों पर व्यवस्था की है। दिल्ली के 100 केंद्रीय भंडार स्टोर्स पर आज से 35 रुपये किलो प्याज उपलब्ध होगी। इसके अलावा सरकार मदर डेयरी से बातचीत कर रही है, ताकि उनके 300 से ज्यादा सफल आउटलेट्स पर भी रियायती दर पर प्याज बेची जा सके।
मोबाइल वैन से भी होगी बिक्री
शुरुआत में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 15 मोबाइल वैन के जरिए प्याज बेची जाएगी। बाद में इन मोबाइल वैन की संख्या बढ़ाकर 40 करने की योजना है। इसके साथ ही एनसीसीएफ और नेफेड दोनों सहकारी संस्थाएं अपने-अपने आउटलेट्स से भी रियायती कीमत पर प्याज उपलब्ध कराएंगी।
एक महीने में 28% बढ़े दाम
प्याज की कीमतों में तेजी का अंदाजा पिछले एक महीने के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। देशभर में प्याज के औसत खुदरा दाम करीब 28% बढ़े हैं। एक महीने पहले प्याज औसतन 34.80 रुपये किलो बिक रही थी, जिसका भाव अब बढ़कर 44.72 रुपये प्रति किलो हो गया है। चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में कीमत 60 रुपये किलो से भी ऊपर पहुंच गई।
मानसून और बढ़ी मांग ने बढ़ाया दबाव
प्याज की कीमतों में अचानक तेजी के पीछे मानसून के दौरान खराब मौसम, परिवहन संबंधी दिक्कतें और त्योहारों से पहले बढ़ी मांग को प्रमुख वजह माना जा रहा है। इन परिस्थितियों ने सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ाया, जिससे बाजार में प्याज के दाम तेजी से ऊपर चले गए।
देश में 1.21 लाख टन का बफर स्टॉक
सरकार का कहना है कि देश में प्याज की कोई कमी नहीं है। राज्यों में करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक मौजूद है और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए इसी स्टॉक में से प्याज बाजार में उतारी जा रही है। इस साल देश में करीब 307.37 लाख टन प्याज उत्पादन का अनुमान है, जो पिछले साल के लगभग बराबर है।
वीकेंड तक पूरे NCR में मिलेगी राहत
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, सस्ती प्याज की बिक्री की शुरुआत दिल्ली से हो रही है। इस वीकेंड तक योजना को पूरे NCR यानी नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद तक लागू करने की तैयारी है। इसके बाद चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी और दक्षिण भारत के शहरों में भी 35 रुपये किलो वाली प्याज की बिक्री शुरू की जाएगी।
Read More:
दिल्ली में 24 घंटों में H1N1 के 134 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 2,442 तक पहुँची

