पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उपचार के बाद वे अपने आधिकारिक आवास लौट गए हैं। आज वे लुधियाना में आयोजित किला रायपुर खेलों के समापन समारोह में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इन पारंपरिक ग्रामीण खेलों का आज समापन हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति तय है।
CM भगवंत सिंह(CM Bhagwant Singh Mann) मान को सोमवार को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर वे संगरूर जिले के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा और हवन यज्ञ किया।
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में थे भर्ती
मंदिर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके चलते उनका संगरूर के बाद प्रस्तावित फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया। एहतियातन उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।
हालांकि, वे 16 फरवरी को वे मोगा में आयोजित एक रैली में शामिल हुए थे, लेकिन कार्यक्रम के बाद फिर से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इस स्थिति को देखते हुए उसी दिन उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी है। फिलहाल वे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं और अपने निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।