दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि देश ने 24 घंटे में AI जिम्मेदारी अभियान के तहत सबसे अधिक संकल्प प्राप्त कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
सरकारी बयान के अनुसार, 16-17 फरवरी 2026 के बीच 24 घंटे की अवधि में कुल 2,50,946 वैध संकल्प दर्ज किए गए। यह अभियान इंडिया एआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से शुरू किया गया था। नागरिकों को AIPledge.IndiaAI.Gov.in पोर्टल के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नैतिक, समावेशी और जिम्मेदार इस्तेमाल का संकल्प लेने के लिए आमंत्रित किया गया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने की आधिकारिक पुष्टि
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायकों ने इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि की है। अभियान के तहत प्रतिभागियों को डेटा गोपनीयता, पारदर्शिता, जवाबदेही और गलत सूचना से निपटने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूक किया गया। संकल्प लेने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल बैज और AI लर्निंग पाथ-वे तक विशेष पहुंच भी प्रदान की गई।
जिम्मेदार AI की ओर कदम
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश को एआई के जिम्मेदार उपयोग की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने इस पहल का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से युवाओं में तकनीक के जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती लक्ष्य 5,000 संकल्पों का था, लेकिन जनता की भागीदारी ने इसे कई गुना पार कर दिया। यह जिम्मेदार AI अपनाने के प्रति लोगों की बढ़ती समझ और सहभागिता को दर्शाता है।