Priyanka Chopra Karwa Chauth: बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने शादी के बाद अमेरिका में रहते हुए भी करवाचौथ का त्योहार पूरे देसी अंदाज में मनाया। एक्ट्रेस ने पति निक जोनस के लिए व्रत रखा और सोशल मीडिया पर उनके साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। तस्वीर में प्रियंका लाल जोड़े में नजर आ रही हैं, जबकि निक जोनस कुर्ता पहने दिखाई दे रहे हैं।
छलनी और दीये के साथ नजर आईं प्रियंका
प्रियंका की तस्वीर में उनका पूरा पारंपरिक अंदाज देखने को मिला। चांद देखने के लिए उनके हाथ में छलनी थी और साथ में पूजा की थाली में दीया भी नजर आया। तस्वीर शेयर करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, “ठीक है, मैं हर साल फिल्मी हो जाती हूं.” प्रियंका के लिए करवाचौथ मनाना कोई पहली बार नहीं है। वह हर साल यह त्योहार मनाती हैं और अपने पति निक जोनस की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं।

पिया के नाम की मेहंदी भी लगाई
करवाचौथ के मौके पर प्रियंका ने मेहंदी की तस्वीर भी फैंस के साथ साझा की। इससे पहले उन्होंने चांद निकलने का इंतजार करते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी। उसके साथ उन्होंने लिखा था, “ये चांद कब निकलेगा.” इसके बाद उन्होंने हाथों पर लगी मेहंदी की झलक दिखाई। फोटो के साथ प्रियंका ने लिखा, “पिया के नाम की…उन सभी लोगों को हैप्पी करवाचौथ, जो इसे सेलिब्रेट कर रहे हैं।”

निक और बेटी मालती के साथ शेयर की फैमिली फोटो
प्रियंका ने करवाचौथ के मौके पर पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी की एक प्यारी तस्वीर भी शेयर की। इस तस्वीर में निक अपनी बेटी मालती के साथ नजर आ रहे हैं। फोटो के साथ प्रियंका ने लिखा, “डैडी होम…एक फ्रेम में मेरी पूरी दुनिया। हैप्पी करवाचौथ।” प्रियंका का यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आया।
‘वाराणसी’ से भारतीय फिल्मों में करेंगी कमबैक
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा लंबे समय से भारतीय सिनेमा में वापसी की तैयारी कर रही हैं। वह एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में महेश बाबू भी मुख्य भूमिका में हैं। ‘वाराणसी’ 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
8 साल बाद भारतीय फिल्म में दिखेंगी प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा करीब 8 साल बाद किसी भारतीय फिल्म में नजर आएंगी। इससे पहले वह साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में दिखाई दी थीं। अब ‘वाराणसी’ के जरिए फैंस को लंबे समय बाद प्रियंका का भारतीय फिल्म में नया अंदाज देखने को मिलेगा।
Read More:
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, 2.50 लाख रुपये में अमृतसर से खरीदी गई थी जिगाना पिस्टल

