DRI की मुंबई जोनल यूनिट ने सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एजेंसी ने छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब 10.75 करोड़ रुपये मूल्य का 6.859 किलोग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया है। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पांच बांग्लादेशी ट्रांजिट यात्री और एक एयरपोर्ट स्टाफ सदस्य शामिल है। DRI के मुताबिक, यह सिंडिकेट दुबई, बैंकॉक और माले से मुंबई के रास्ते सोने की तस्करी करता था। इस नेटवर्क में विदेश से आने-जाने वाले ट्रांजिट यात्रियों के साथ एयरपोर्ट के अंदर काम करने वाला एक कर्मचारी भी शामिल था।
‘ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक’ में खुला नेटवर्क
DRI अधिकारियों ने 29 अगस्त को खुफिया जानकारी के आधार पर ‘ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक’ चलाया। इस दौरान टीम ने एक एयरपोर्ट स्टाफ सदस्य को संदिग्ध तरीके से सोना बाहर ले जाते हुए पकड़ा। उसके पास वैक्स के रूप में सोने की धूल से भरे सात कैप्सूल मिले। पूछताछ में एयरपोर्ट कर्मचारी ने ट्रांजिट यात्रियों के नेटवर्क में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद DRI ने जांच आगे बढ़ाई और सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया।
16 कैप्सूल में मिली सोने की धूल
कार्रवाई के दौरान कुल 16 कैप्सूल बरामद किए गए। इनमें 6.859 किलोग्राम 24 कैरेट सोने की धूल मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 10.75 करोड़ रुपये बताई गई है। DRI ने सोने को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत जब्त कर लिया है। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एजेंसी का कहना है कि एयरपोर्ट के अंदर के कर्मचारी की संलिप्तता इस मामले को गंभीर बनाती है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और मुंबई एयरपोर्ट के जरिए अब तक कितनी मात्रा में सोने की तस्करी की जा चुकी है।
Read More
चर्चित IAS दिव्या मित्तल ने छोड़ी नौकरी, सोशल मीडिया पर लिखा दिल जीतने वाला संदेश…

