HomeBreaking Newsअमेरिका के सिएटल एयरपोर्ट पर ICE की कार्रवाई, विमान में चढ़ रहे...

अमेरिका के सिएटल एयरपोर्ट पर ICE की कार्रवाई, विमान में चढ़ रहे दो यात्रियों को हिरासत में लिया

अमेरिका के सिएटल-टैकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को आव्रजन अधिकारियों की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। नकाब पहने अधिकारियों ने लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट में सवार हो रहे दो यात्रियों को जेट ब्रिज पर हिरासत में ले लिया। इस घटना के कारण अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 की उड़ान में देरी हुई। कार्रवाई के दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वीजा अवधि खत्म होने पर दो मेक्सिकन नागरिक गिरफ्तार

अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) ने एक्स पर बताया कि सुबह करीब 8:05 बजे एक विशेष अभियान के तहत मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी के अनुसार, वह वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अमेरिका में रह रहे थे।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और यात्रियों के बीच तनाव भी देखने को मिला। वायरल वीडियो में एक महिला अधिकारियों से अपनी बेटी को छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई दी। वह रोते हुए कह रही थी कि उसकी बेटी के पास वर्क परमिट है। महिला अधिकारियों के पैर पकड़कर भी विनती करती नजर आई। ICE के मुताबिक, झड़प के दौरान सोफिया हर्नांडेज मेजिया नाम की दूसरी महिला को भी हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उसने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकी थी। वह भी मेक्सिको की नागरिक हैं और वीजा अवधि से ज्यादा समय तक अमेरिका में रह रही थीं। उन पर संघीय अधिकारी पर हमले का आरोप लग सकता है।

एयरलाइन और गवर्नर ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

अलास्का एयरलाइंस ने बिना पूर्व सूचना बोर्डिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कंपनी ने कहा कि घटना यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बेहद परेशान करने वाली थी। एयरलाइन पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर जांच कर रही है कि नियमों का पालन हुआ था या नहीं। वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने ICE की कार्रवाई को बेहद गैर-अमेरिकी बताया। उन्होंने एजेंसी को खत्म करने की मांग करते हुए कहा कि आव्रजन व्यवस्था प्रभावी, नैतिक और मानवीय होनी चाहिए। उन्होंने यह जांच कराने की बात भी कही कि अधिकारी जेट ब्रिज तक कैसे पहुंचे और क्या उन्होंने चेहरा ढकने पर रोक लगाने वाले राज्य कानून का उल्लंघन किया।

श्रमिक संगठनों की आलोचना

वॉशिंगटन स्टेट लेबर काउंसिल की अध्यक्ष अप्रैल सिम्स ने भी कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट कर्मचारी और यात्री पहले से दबाव में हैं, ऐसे में इस घटना ने डर और अराजकता बढ़ाई।

Read More

मध्य प्रदेश में चाउमीन-मंचूरियन खाने से 100 से ज्यादा बच्चे बीमार, मेले में मची अफरातफरी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments