Delhi Building Collapse: पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में सुबह करीब 9:50 बजे तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। इमारत गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें अब तक दो लोगों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। 4 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
दो लोगों की मौत
इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने मलबे से दोनों शव बरामद किए हैं। हालांकि, मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान लगातार जारी है।
दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की छह गाड़ियों के साथ बचाव वाहन और पानी के टैंकर भी राहत कार्य में लगाए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। बचावकर्मी मलबे को हटाकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे तो नहीं दबा है।
संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य में परेशानी
चावड़ी बाजार का इलाका घनी आबादी वाला है और यहां की गलियां काफी संकरी हैं। इसी वजह से बचाव दल को भारी मशीनरी और राहत वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में मुश्किल हो रही है। मलबा हटाने के लिए क्रेन के साथ स्थानीय लोगों की मदद भी ली जा रही है। बचावकर्मी सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर तलाशी अभियान चला रहे हैं।
प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में दबे अन्य लोगों और हादसे में हताहत होने वालों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
कुछ दिन पहले भी इमारत ढहने से गई थी दो लोगों की जान
दिल्ली में इमारत ढहने का यह हादसा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मिलन गार्डन इलाके में हुई घटना के कुछ दिन बाद सामने आया है। वहां एक पुराने मकान पर नई मंजिल बनाने के दौरान दो स्लैब ढह गए थे। बताया गया था कि निर्माण कार्य के दौरान पुराने मकान की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसके कारण उसके ऊपर बना स्लैब भी ढह गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी।
सत्य निकेतन में भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। इस इमारत में पेइंग गेस्ट आवास संचालित था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। चावड़ी बाजार की घटना ने एक बार फिर दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों से जुड़े जोखिमों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Read More:

