Tiger Shroff Firing Case: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया है। 21 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे मुंबई पुलिस के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) की टीम तीनों आरोपियों को लेकर मुंबई पहुंची। इसके बाद क्राइम ब्रांच उन्हें सीधे GT अस्पताल लेकर गई, जहां करीब 20 मिनट में मेडिकल जांच पूरी की गई। जांच के बाद तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच AEC कार्यालय ले जाया गया।
कोटा से मुंबई तक बदली गईं गाड़ियां
क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे तीनों आरोपियों को कोटा से मुंबई के लिए लेकर निकली थी। सफर के दौरान आरोपियों को चार से ज्यादा बार एक गाड़ी से दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, रास्ते में पूछताछ के दौरान गाड़ियां बदली गईं। पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने ट्रेन से सफर करने के बजाय सूरत जाने के लिए कैब क्यों चुनी।
बोरीवली से कैब लेकर पहुंचे सूरत
जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने पहले बोरीवली तक लोकल ट्रेन से सफर किया था। इसके बाद उन्होंने सूरत के लिए कैब ली। पुलिस अब उनके सफर की पूरी कड़ी को समझने की कोशिश कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक और व्यक्तिगत बैकग्राउंड व उन्हें निर्देश देने वाले कथित हैंडलर्स के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
आज कोर्ट में होगी पेशी
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद करीब 4 बजे तीनों आरोपी AEC कार्यालय पहुंचे। पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच के DCP भी वहां पहुंचे। तीनों आरोपियों को बुधवार यानी 21 अक्टूबर को दोपहर कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों के वकील अजिंक्य मिरगल भी AEC कार्यालय पहुंचे।
मुंबई से दिल्ली तक पहुंची जांच
टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश की जांच अब दिल्ली तक पहुंच चुकी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों को उपलब्ध कराने और उन्हें आरोपियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
चार लोगों पर हथियार पहुंचाने का आरोप
पुलिस ने कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया और बाद में उन्हें मुंबई पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि कुणाल और सुमित ने हथियारों का इंतजाम किया था, जबकि राधा और बबीता मुंबई के दादर पहुंचीं और वहां तीनों हमलावरों को बंदूकें सौंपीं।
जुहू में टाइगर पर हुई थी फायरिंग
पूरा मामला रविवार शाम का है। जैकी श्रॉफ के बेटे और अभिनेता टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने गए थे। वहां से घर लौटते समय उनकी BMW कार कंपाउंड के गेट पर जमा भीड़ के बीच से निकल रही थी। इसी दौरान दो लोगों ने कार पर फायरिंग शुरू कर दी।
बाल-बाल बचे अभिनेता
हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर करीब 6-7 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक हमलावर अभिनेता के बेहद करीब पहुंच गया था और सीधे उन पर निशाना साध रहा था। हालांकि, जब उसने ट्रिगर दबाया तो उसकी बंदूक जाम हो गई। इससे टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए।
ड्राइवर समेत दो लोग घायल
फायरिंग की इस घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए हमलावरों और उन्हें हथियार उपलब्ध कराने वालों की तलाश शुरू की, जिसकी कड़ी अब मुंबई से दिल्ली तक जुड़ती दिखाई दे रही है।
Read More:

