श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर दिल्ली से लेकर नोएडा और मथुरा-वृंदावन तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने का फैसला लिया है। कुछ मार्गों पर डायवर्जन रहेगा, तो कई जगह आम वाहनों और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं।
दिल्ली में शाम 5:30 बजे के बाद इन रास्तों से बचें
दिल्ली में जन्माष्टमी के अवसर पर निकलने वाली जन्माष्टमी यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। यात्रा पीएस सब्जी मंडी से शुरू होकर मल्कागंज चौक, रोशनआरा रोड, स्पार्क्स मॉल, सत्यवती मार्ग, शक्तिनगर चौक, जीटी करनाल रोड और घंटाघर चौक से होकर गुजरेगी। इसके बाद यात्रा वापस पीएस सब्जी मंडी पहुंचकर समाप्त होगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और आम लोगों को शाम 5:30 बजे के बाद इन मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है। जरूरी यात्रा करने वालों से पहले से रूट तय करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है। पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने और सड़क किनारे वाहन पार्क न करने की अपील की है। आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
नोएडा में इस्कॉन मंदिर के आसपास डायवर्जन
नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। NTPC अंडरपास से गिझौड़ चौक और वहां से NTPC की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गिझौड़ से अट्टा अंडरपास की तरफ जाने वाले वाहनों को होशियारपुर और समरविला तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एडोबी बिल्डिंग के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं VVIP वाहनों को शिल्प हाट की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
मथुरा में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था 5 सितंबर की सुबह 9 बजे तक लागू रहेगी। मथुरा और वृंदावन के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक सीमित रखने की व्यवस्था की गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले रास्तों पर भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गोकरण तिराहा, चौक बाजार, भरतपुर गेट, कृष्णापुरी, स्टेट बैंक चौराहा और महाविद्या कॉलोनी समेत कई स्थानों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन, रोडवेज बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे।
Read More
अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद
[…] […]