नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’(Ramayana) लंबे समय से अपने भव्य स्तर और भारी बजट को लेकर चर्चा में है। फिल्म के दोनों हिस्सों के लिए करीब 4000 करोड़ रुपये का आंकड़ा सामने आया है। हालांकि, अभिनेता यश ने अब इस रकम को लेकर तस्वीर साफ करने की कोशिश की है। यश के मुताबिक, 4000 करोड़ रुपये का आंकड़ा सिर्फ फिल्म की शूटिंग या प्रोडक्शन लागत को नहीं दर्शाता। इसमें फिल्म के दोनों हिस्सों के साथ रिलीज और प्रमोशन से जुड़े खर्च भी शामिल हैं।
उन्होंने इसे हॉलीवुड के तरीके से समझाते हुए कहा कि बड़े स्तर की ग्लोबल फिल्मों में प्रचार-प्रसार पर भी काफी पैसा खर्च किया जाता है। यश ने यह भी बताया कि ऐसी फिल्मों का लक्ष्य केवल भारतीय दर्शक नहीं होते, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की योजना होती है। इसलिए खर्च और कमाई दोनों का दायरा वैश्विक रखा जाता है।
भारतीय सिनेमा को ग्लोबल बनाने की कोशिश
यश का मानना है कि सिनेमा किसी देश की ‘सॉफ्ट पावर’ बन सकता है। उनके अनुसार, ‘रामायण’ और उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ जैसी परियोजनाएं भारतीय फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास हैं। उनका कहना है कि इसके लिए टीम को पूरी मेहनत करनी होगी और भारतीय कहानियों को दुनिया के सामने बड़े स्तर पर पेश करना होगा।
कब आएगी ‘रामायण’?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। सनी देओल और रवि दुबे समेत कई कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली के लिए निर्धारित है।