स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इंदौर के ग्रामीण क्षेत्र के एक स्कूल में बच्चों को बांटे गए लड्डुओं में कथित तौर पर कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। लड्डू खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लड्डुओं के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं और संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है।
लड्डू में कीड़ा होने की शिकायत मिली
मामला इंदौर जिले की धमनोई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव स्थित माध्यमिक विद्यालय का है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूल में बच्चों को लड्डू वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान करीब 8 साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की। इसके बाद जब लड्डुओं की जांच की गई तो उनमें कीड़े मिलने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने तत्काल लड्डुओं का वितरण रुकवा दिया।
दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी
जानकारी के मुताबिक, लड्डू खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद मामले की सूचना जिला प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम और खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लड्डुओं के नमूने जब्त कर लिए और उन्हें जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
दुकान हुई सील
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लड्डू तैयार करने या उपलब्ध कराने वाली संबंधित दुकान को सील कर दिया है। खाद्य विभाग अब नमूनों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल लड्डुओं में कीड़े मिलने की वास्तविक वजह और उनकी गुणवत्ता से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Read More

