Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी है। करीब एक मिनट पांच सेकेंड के इस वीडियो की शुरुआत ‘पॉवरिंग इंडिया फर्स्ट बुलेट ट्रेन’ संदेश से होती है। इसमें सबसे पहले ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम दिखाया गया है।
15 अगस्त 2027 का लक्ष्य
भारत की पहली बुलेट ट्रेन को साल 2027 में शुरू करने की योजना है। इसके पहले चरण के लिए 15 अगस्त 2027 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर संचालित की जाएगी।
508 किलोमीटर का कॉरिडोर
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। रेल मंत्री द्वारा शेयर किए गए वीडियो में गुजरात के नवसारी में चल रहे निर्माण कार्य की झलक भी दिखाई गई है। प्रोजेक्ट के तहत इस पूरे कॉरिडोर पर विद्युतीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है।
ट्रैक पर 22 हजार स्टील मास्ट
प्रोजेक्ट से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, ट्रैक के लिए कुल 22 हजार स्टील मास्ट तैयार किए गए हैं। इसके अलावा 25,700 कैंटीलीवर असेंबल किए जा चुके हैं। ये बुलेट ट्रेन के ओवरहेड ट्रैक्शन और विद्युतीकरण सिस्टम का अहम हिस्सा हैं।
रेल मंत्री ने बताया अहम पड़ाव
अश्विनी वैष्णव ने अपनी पोस्ट में कहा, भारत की पहली बुलेट ट्रेन आकार ले रही है। 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर बिजलीकरण का काम तेजी से चल रहा है, जो इस प्रोजेक्ट में एक और अहम कदम है।
320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
मुंबई-अहमदाबाद रूट पर बुलेट ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इस रफ्तार के चलते मुंबई से अहमदाबाद का सफर, जिसमें दूसरी ट्रेनों से करीब 6 घंटे लगते हैं, घटकर लगभग 2 घंटे रह जाएगा।
12 स्टॉपेज का प्रस्ताव
इस बुलेट ट्रेन के रूट पर कुल 12 स्टॉपेज होंगे। परियोजना के पूरा होने के साथ मुंबई और अहमदाबाद के बीच तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी विकसित होने की उम्मीद है।
Read More:

