कश्मीर की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने 2013 के तरजू आतंकी हमले के मुख्य आरोपी और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी इम्तियाज अहमद कंदो उर्फ फयाज उर्फ सज्जाद के खिलाफ इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी कराया है। जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्य आरोपी फरार है और उसके पाकिस्तान में छिपे होने की आशंका है।
2013 के हमले में चार पुलिसकर्मी हुए थे शहीद
26 अप्रैल 2013 को सोपोर के हैगाम क्षेत्र के पीर मोहल्ला में आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम पर हमला किया था। ऑटोमैटिक हथियारों से किए गए इस हमले में चार पुलिसकर्मियों ने बलिदान दिया था। यह मामला पहले तरजू पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। बाद में वर्ष 2024 में इसकी जांच SIA को सौंप दी गई। एजेंसी ने जांच पूरी करने के बाद जुलाई 2024 में अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।
जांच में कई आरोपियों की भूमिका आई सामने
SIA के अनुसार, मामले की जांच के दौरान दो आरोपी तारिक अहमद मीर और कय्यूम नजार सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। वहीं, जाविद अहमद मट्टू, रऊफ नजार और अहमदुल्लाह मल्ला गिरफ्तार हैं और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। जांच एजेंसी का कहना है कि इम्तियाज अहमद कंदो वर्ष 2010 से हिजबुल मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य और कमांडर रहा है। भारत सरकार ने अक्टूबर 2022 में उसे नामित आतंकवादी घोषित किया था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा दबाव
रेड कॉर्नर नोटिस इंटरपोल के जरिए जारी किया जाने वाला एक अंतरराष्ट्रीय अलर्ट है, जिसके आधार पर सदस्य देशों की पुलिस एजेंसियां आरोपी का पता लगाने और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लेने में सहयोग कर सकती हैं। हालांकि, किसी आरोपी का प्रत्यर्पण संबंधित देशों के कानून और द्विपक्षीय समझौतों पर निर्भर करता है। SIA का कहना है कि यह कार्रवाई आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने और फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Read More
‘हम वोट से चुनाव जीतते हैं, लेकिन निस्वार्थ सेवा से सम्मान’- उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन

