दिल्ली के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में रहने वाले लाखों रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुरोध पर आदर्श नगर रेलवे स्टेशन(Adarsh Nagar Railway Station) पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के लागू होने के बाद यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने के लिए नई दिल्ली या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाने की आवश्यकता कम होगी जिससे समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।
रेल मंत्री की ओर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भेजे गए पत्र के मुताबिक अब दिल्ली-कालका एक्सप्रेस (14331) और दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस (14053) आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित रूप से रुकेंगी। लंबे समय से स्थानीय यात्रियों की ओर से इस तरह की सुविधा की मांग की जा रही थी जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगा लाभ
इस निर्णय से हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले पर्यटकों को अधिक सुविधा मिलेगी। वहीं कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़, कालका, फतेहगढ़ साहिब और आनंदपुर साहिब जैसे प्रमुख शहरों एवं धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। आदर्श नगर से ट्रेन मिलने के कारण यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही और समय की बचत होगी।
CM रेखा ने जताया आभार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।