पंजाबी गायक गुरु रंधावा(Guru Randhawa) के जिम पर हुई फायरिंग की घटना में दिल्ली पुलिस को अहम सफलता मिली है। वारदात के करीब 14 दिन बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है जिनके कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई और अनिल पंडित गैंग से संबंध बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) को इन दोनों आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पश्चिम विहार इलाके में पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने खुद को घिरता देख टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक और कथित तौर पर पाकिस्तान निर्मित हथियार बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत क्षेत्र के रहने वाले हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उन्हें हथियार कहां से मिले और उनके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
11 जून को हुआ था जिम पर हमला
11 जून 2026 को पश्चिम विहार स्थित ‘24 आवर्स फिटनेस’ जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी, लेकिन इससे इलाके में दहशत फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कई तकनीकी सबूत जुटाए।
पहले भी हुई थीं गिरफ्तारियां
इस मामले में इससे पहले 17 जून को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अमन और तुषार नामक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि ये सभी आरोपी एक-दूसरे के संपर्क में थे और फायरिंग की साजिश से जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हमले की योजना किस स्तर पर बनाई गई थी। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।