अहमदाबाद में एक ऐसे ठग का पर्दाफाश हुआ है, जो मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर खुद को हिंदू युवक बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 44 वर्षीय करीम रफीकभाई सिपाही को गिरफ्तार किया है।
दोस्ती से शुरू करता था खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं से संपर्क करता और धीरे-धीरे उनसे दोस्ती बढ़ाता था। वह खुद को एक सफल कारोबारी बताता और आलीशान बंगले, महंगी गाड़ियों और लग्जरी जीवनशैली की तस्वीरें शेयर कर प्रभावित करता था। वह महिलाओं को यह भी बताता था कि उसकी पत्नी का निधन हो चुका है और वह अकेला जीवन बिता रहा है।
शादी का वादा करता फिर पैसों की मांग
हालांकि जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ती, आरोपी महिलाओं को अपना निजी नंबर देकर लगातार संपर्क में रहता था। पुलिस के मुताबिक, वह उपहार भेजकर और भावनात्मक बातचीत के जरिए भरोसा मजबूत करता था। इसके बाद शादी का प्रस्ताव रखकर व्यापार, निवेश या अन्य जरूरतों का हवाला देते हुए पैसों की मांग शुरू कर देता था। जांच में सामने आया है कि कुछ महिलाओं से उसने नकदी, वाहन और अन्य कीमती सामान भी हासिल किए।
फर्जी दस्तावेजों से तैयार की थी नई पहचान
जांच एजेंसियों को पता चला कि आरोपी ने अपनी फर्जी पहचान को मजबूत बनाने के लिए ‘आदित्य पटेल’ नाम से कई दस्तावेज भी बनवा रखे थे। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज शामिल बताए जा रहे हैं। इसी वजह से कई महिलाओं को उसके दावों पर संदेह नहीं हुआ।
शिकायत के बाद खुला पूरा मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की गई। गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन की जांच में करीब 100 महिलाओं से जुड़ा डेटा मिला है। इसके अलावा कई महिलाओं के फोटो और वीडियो भी बरामद होने की बात सामने आई है।
Read More
‘योगी जी हमें माफ कर दो…’, UP में जीरो टॉलरेंस नीति ने किया कमाल, गाजियाबाद में पुलिस को देखते ही थर -थर कांपने लगे अपराधी, पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे