प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम दौरे के बाद पश्चिम बंगाल के कोलकाता में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करीब 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार इन योजनाओं से व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
एक्सप्रेसवे से मिलेगी आर्थिक मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खड़गपुर-मोरग्राम एक्सप्रेसवे के पूरा होने से राज्य के कई क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि देश में रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है और केंद्र सरकार चाहती है कि पश्चिम बंगाल भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़े।
रेलवे ढांचे के विस्तार पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना था कि बेहतर रेल संपर्क से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार और उद्योग को भी लाभ होगा। संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जल परिवहन और बंदरगाहों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पूर्वी भारत की इस क्षमता को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। अब जलमार्गों के विकास से व्यापार और औद्योगिक प्रगति के नए रास्ते खुल रहे हैं।
हल्दिया डॉक कॉम्पलेक्स का हो रहा आधुनिकीकरण
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि हल्दिया डॉक कॉम्पलेक्स का मशीनीकरण किया जा रहा है। इस पहल से बंदरगाह पर माल ढुलाई की प्रक्रिया तेज होगी और क्षेत्रीय व्यापार को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह लंबे समय से पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र रहे हैं।
विकसित बंगाल का जताया भरोसा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल ने हमेशा देश को नई दिशा दी है और भविष्य में भी राज्य विकास की राह में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचा पश्चिम बंगाल को एक बार फिर विकसित और समृद्ध राज्य बनाने की मजबूत नींव साबित होगा।
Read More

