लुधियाना नगर निगम की फाइनांस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) के दो सदस्यों के चुनाव में आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटे युवराज सिद्धू और कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं, AAP विधायक मदनलाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा की उम्मीदवार रुचि गुलाटी चौथे स्थान पर रहीं। बता दें कि मतदान में युवराज सिद्धू को सबसे ज्यादा वोट मिले, जबकि कांग्रेस के गौरव भट्टी दूसरे स्थान पर रहे। दो पदों के लिए कुल चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें आम आदमी पार्टी के दो, कांग्रेस का एक और भाजपा का एक उम्मीदवार शामिल था। चुनाव में 94 पार्षदों और 6 विधायकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान सुबह 11 बजे से बैलेट पेपर के जरिए शुरू हुआ। मेयर इंद्रजीत कौर ने सबसे पहले वोट डाला। मतदान के दौरान 7 वोट कैंसिल भी हुए। बताया गया कि कुछ पार्षदों ने मतपत्र पर गलत निशान लगा दिए थे, जिसके कारण उनके वोट रद्द कर दिए गए।
चुनाव स्थल पर कड़ी सुरक्षा
चुनाव को देखते हुए गुरुनानक देव भवन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भवन के अंदर सिर्फ पार्षदों और विधायकों को प्रवेश दिया गया। मीडिया और पार्षदों के प्रतिनिधियों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। DCP हरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चुनाव के दौरान करीब 175 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इनमें 9 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा कई थानों के SHO को भी सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया था। पुलिस के मुताबिक, चुनाव हॉल में सिर्फ उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया गया, जिन्हें नगर निगम की ओर से अनुमति मिली थी।
युवराज सिद्धू बोले- शांतिपूर्वक हुआ चुनाव
जीत के बाद AAP विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटे और उम्मीदवार युवराज सिंह सिद्धू ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक तरीके से पूरी हुई। उन्होंने कहा कि हर पार्षद को अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने का अधिकार है। युवराज सिद्धू ने विधायकों के मतदान के अधिकार को लेकर कहा कि विधायक एक्ट के अनुसार वोट कर सकते हैं। अगर किसी को लगता है कि विधायकों को वोट देने का अधिकार नहीं है, तो वह दोबारा कोर्ट का रुख कर सकता है।
Read More
छत्तीसगढ़ में 520 किलो गांजा बरामद, महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

