HomeBreaking Newsनोएडा सेक्टर 74 के IVY काउंटी की बिल्डिंग में लगी भीषण आग,...

नोएडा सेक्टर 74 के IVY काउंटी की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, सोसाइटी में मची अफरा-तफरी, घर छोड़कर भागे लोग

Noida Fire: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी हाईराइज रिहायशी सोसाइटी में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग 28 मंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसके बाद ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग की भयावहता को देखते हुए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर भागने लगे।

12वीं मंजिल के फ्लैट से शुरू हुई आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी। बताया जा रहा है कि फ्लैट के एसी में शॉर्ट सर्किट की वजह से हादसा हुआ हो सकता है। देखते ही देखते आग ने आसपास के फ्लैटों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। ऊंचाई अधिक होने के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों को आग बुझाने में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।

सुरक्षा के लिए खाली कराया गया टावर

सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित टावर और उसके आसपास के फ्लैटों को तुरंत खाली करा लिया गया। लोगों को सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। दमकल कर्मी यह सुनिश्चित करने में जुटे रहे कि कोई व्यक्ति फ्लैटों के भीतर फंसा न रह जाए।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

हालांकि आग लगने की वजह को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी उपकरण को संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक वजह साफ हो सकेगी।

सेक्टर-52 के पीजी में भी लगी आग

आईवीवाई काउंटी में लगी आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं कि इसी बीच दमकल विभाग को सेक्टर-52 स्थित ई-3 शताब्दी विहार के एक पीजी में आग लगने की सूचना मिली। लोगों के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चलाया जाता है जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी बना हुआ है, जहां छात्र और कामकाजी युवा रहते हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

दिल्ली में बढ़ीं आग की घटनाएं

इससे पहले दिल्ली में भी आग लगने की दो बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। 3 जून को मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। जान बचाने के लिए कई लोगों को होटल की खिड़कियों से कूदना पड़ा था।

सफदरजंग एन्क्लेव में भी लगी थी आग

इसके अलावा बुधवार शाम सफदरजंग एन्क्लेव के हुमायूंपुर गांव स्थित एक होटल के बेसमेंट में आग लग गई थी। आग बेसमेंट में रखे फर्नीचर तक ही सीमित रही। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Read More:

मोहाली में खौफनाक मर्डर, युवती पर ऑफिस में ही चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, ब्रेकअप से नाराज था शख्स, CCTV में कैद हुई वारदात

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments