पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने CPI (Maoist) के एक वरिष्ठ नेता को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान असीम मंडल उर्फ आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह CPI (Maoist) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य और पश्चिम बंगाल स्टेट कमेटी-I का सचिव बताया जाता है। करीब 15 वर्षों से फरार चल रहे असीम मंडल को पूर्व मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर इलाके के लालाट से पकड़ा गया।
तकनीकी खुफिया जानकारी से मिली लोकेशन
पुलिस के मुताबिक असीम मंडल लंबे समय से एजेंसियों की नजर से बच रहा था। इस दौरान उसके अलग-अलग राज्यों के जंगल वाले इलाकों में छिपकर रहने की जानकारी सामने आई है। STF को उसकी गतिविधियों से संबंधित तकनीकी खुफिया इनपुट मिला था। इसी जानकारी को आधार बनाकर टीम ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और पूर्व मेदिनीपुर में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस उसके पुराने संपर्कों, संगठन में उसकी भूमिका और उससे जुड़े नेटवर्क पर है। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान वह किन इलाकों में रहा और किन लोगों के संपर्क में था।
मुख्यमंत्री ने STF के काम को सराहा
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई को पुलिस की ऑपरेशनल क्षमता का उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने लंबे समय से फरार आरोपी तक पहुंचने के लिए STF की कार्रवाई की तारीफ की। अधिकारी ने कहा कि राज्य में ‘रेड टेरर’ का नेटवर्क दोबारा खड़ा करने की कोशिशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी चरमपंथी विचारधारा को लोगों की सुरक्षा से समझौता करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और राज्य के विकास में बाधा डालने वाली कोशिशों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होगी।
माओवादी नेटवर्क से कनेक्शन
पुलिस अब असीम मंडल से उसके संगठनात्मक संपर्कों और नेटवर्क को लेकर जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि उसने इतने लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने के लिए किन ठिकानों और संपर्कों का इस्तेमाल किया। STF की इस कार्रवाई के बाद माओवादी संगठन से जुड़े पुराने नेटवर्क और संभावित सहयोगियों को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान आरोपी से उसके लंबे समय से सक्रिय संपर्कों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।