महाराष्ट्र(Maharashtra) के गड़चिरोली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। धनौरा तालुका के जपतलाई गांव स्थित एक आवासीय आश्रम स्कूल के हॉस्टल में जहरीले सांप ने छह छात्राओं को डस लिया। बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ जब सभी छात्राएं एक ही कमरे में सो रही थीं।
सर्पदंश की घटना के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान तीन छात्राओं की मौत हो गई जबकि बाकी तीन छात्राओं का इलाज जारी है। उनकी स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।
एक ही कमरे में सो रही थीं छात्राएं
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय छहों छात्राएं गहरी नींद में थीं। इसी दौरान जहरीला सांप कमरे में पहुंचा और उसने एक के बाद एक कई छात्राओं को डस लिया। सर्पदंश का पता चलते ही स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों ने छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बताया जा रहा है कि यह आवासीय स्कूल कुम्परलिंगो कल्चरल एजुकेशनल रिसर्च सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाता है।
तीन परिवारों में पसरा मातम
इस घटना ने छात्राओं के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। तीन छात्राओं की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। हॉस्टल में इस तरह सांप के पहुंचने और कई छात्राओं के सर्पदंश का शिकार होने की घटना ने आवासीय स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घटना के कारणों और हॉस्टल की परिस्थितियों को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सामने आ सकती है।
Cipla License: सिप्ला फार्मा एंड लाइफ साइंसेज लिमिटेड की पुणे स्थित Carry and Forwarding (C&F) यूनिट पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की...