Deepankar Gop India-Bangladesh Border: भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भारतीय नागरिक दीपांकर गोप का अपहरण किया गया है। जिसके बाद तनाव बढ़ गया है। 35 वर्षीय दीपांकर पेशे से किसान हैं और चाय की खेती करते हैं। आरोप है कि करीब 20 बांग्लादेशी लोग भारतीय सीमा में घुसे और उन्हें जबरन अपने साथ ले गए। बाद में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने दीपांकर को बांग्लादेश के पंचगढ़ पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। भारत की ओर से BSF उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए BGB के लगातार संपर्क में है।
बांग्लादेश पुलिस में केस की तैयारी
BGB ने दीपांकर को पंचगढ़ पुलिस स्टेशन को सौंपा है। पंचगढ़ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर आशीष कुमार शील ने बांग्लादेशी अखबार ‘द डेली स्टार’ को बताया, ”उस पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। केस दर्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और कोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद दीपांकर को अदालत में पेश किया जाएगा और कोर्ट के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
बॉर्डर पिलर के पास हिरासत का दावा
घटना के बाद बांग्लादेशी स्थानीय लोगों ने दावा किया कि दीपांकर को बिराजोत बॉर्डर के पास बॉर्डर पिलर 742/12 के नजदीक गन्ने के खेत से हिरासत में लिया गया। उनका आरोप था कि दीपांकर पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश में घुस आए थे। हालांकि, भारतीय रिपोर्टों में इसके विपरीत दावा किया गया कि दीपांकर बांग्लादेश में नहीं गए थे, बल्कि बदले की कार्रवाई के तहत करीब 20 बांग्लादेशी नागरिक भारतीय सीमा में घुसे और उन्हें अगवा कर लिया।
चाय के खेत से जबरन उठाने का आरोप
खबरों के अनुसार, शनिवार सुबह दीपांकर जलपाईगुड़ी जिले के कुकुरजन इलाके में स्थित अपने चाय के खेत में अकेले कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। यह क्षेत्र BSF की चौलहाटी चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है। दावा है कि बांग्लादेशी नागरिक अचानक भारतीय सीमा में घुस आए। उनका खेत सीमा से महज 140 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। इसके बाद वे दीपांकर को जबरन अपने साथ ले गए।
BSF ने की रिहाई की कोशिश
घटना की जानकारी मिलने के बाद BSF जवान मौके पर पहुंचे और दीपांकर को छुड़ाने की कोशिश शुरू की। BSF ने BGB अधिकारियों के साथ फ्लैग मीटिंग भी की, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं निकल सका। इस बीच दीपांकर का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें ले जाने वाले स्थानीय बांग्लादेशी लोग कह रहे हैं कि तमीज उद्दीन की रिहाई के बाद ही दीपांकर को छोड़ा जाएगा।
तमीज उद्दीन की गिरफ्तारी से जुड़ा मामला
तमीज उद्दीन बांग्लादेशी नागरिक है, जिसे BSF ने इसी सप्ताह की शुरुआत में चौलहाटी बॉर्डर पर कंटीले तार काटकर बांग्लादेश से भारत में प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बांग्लादेश के स्थानीय लोगों का दावा है कि तमीज बुजुर्ग हैं और हिरासत में लिए जाने के समय वह अपनी खोई हुई गाय तलाश रहे थे।
दोनों पक्षों के दावों की जांच
दीपांकर को भारतीय सीमा से उठाए जाने की घटना ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। BSF उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए BGB के संपर्क में है। साथ ही, पूरे मामले में भारत और बांग्लादेश की ओर से सामने आए अलग-अलग दावों और घटना की परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।
Read More:

