Apple Pay: एपल की डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay भारत में सितंबर के अंत या अक्टूबर तक लॉन्च हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में इस सर्विस के जरिए Visa और Mastercard नेटवर्क वाले क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल किए जा सकेंगे। यूजर्स अपने कार्ड को Apple Wallet में सेव कर iPhone या iPad से संपर्क रहित भुगतान कर पाएंगे। हालांकि, लॉन्च के शुरुआती चरण में Apple Pay में UPI पेमेंट का सपोर्ट नहीं मिलने की बात सामने आई है।
iPhone से ऐसे होगा भुगतान
Apple Pay शुरू होने के बाद यूजर्स अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी Apple Wallet में सुरक्षित कर सकेंगे। इसके बाद किसी स्टोर पर भुगतान करने के लिए iPhone या टैबलेट को POS मशीन के पास टैप करना होगा। NFC यानी नियर फील्ड कम्युनिकेशन तकनीक के जरिए यह भुगतान कॉन्टैक्टलेस तरीके से किया जाएगा। शुरुआत में यह सुविधा Visa और Mastercard जैसे ग्लोबल कार्ड नेटवर्क के जरिए काम करेगी, जैसा कि अन्य देशों में Apple Pay की मौजूदा व्यवस्था है।
UPI के लिए अभी इंतजार
भारत में Apple Pay के लॉन्च के समय UPI भुगतान की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। UPI को Apple Pay में जोड़ने के लिए एपल को भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम यानी NPCI से मंजूरी लेनी होगी। इसके अलावा पेमेंट रूटिंग के लिए किसी प्रायोजक बैंक के साथ साझेदारी भी जरूरी होगी। रिपोर्ट के अनुसार, एपल सितंबर के अंत या अक्टूबर तक भारत में सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, एपल ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
हर ट्रांजैक्शन से कमाई की उम्मीद
भारत में Apple Pay के जरिए होने वाले क्रेडिट कार्ड लेनदेन से एपल को फीस मिलने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी बैंकों के साथ हर कार्ड ट्रांजैक्शन पर 15 से 20 बेसिस प्वाइंट हिस्सेदारी को लेकर बातचीत कर रही थी। वहीं, कुछ बड़े कार्ड जारी करने वाले बैंक 10 बेसिस प्वाइंट फीस पर जोर दे रहे थे। एक बेसिस प्वाइंट 0.01 प्रतिशत के बराबर होता है।
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद
पेमेंट कंपनियों का मानना है कि भारत में Apple Pay की शुरुआत से क्रेडिट कार्ड के जरिए होने वाले ट्रांजैक्शन में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, UPI सपोर्ट के लिए अभी NPCI की मंजूरी और बैंकिंग साझेदारी की जरूरत होगी।
Read More:
‘हमारी धरती पर कदम रखा तो काट कर रख देंगे’, ईरान ने अमेरिका को दी सख्त चेतावनी, सीमाओं पर सेना अलर्ट

