मुंबई में फिल्म निर्देशक शकील नूरानी(Shakeel Noorani) को एक 33 वर्षीय एक्ट्रेस की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया है। 73 वर्षीय नूरानी पर एक्ट्रेस ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया जिसके बाद बोरीवली हॉलिडे कोर्ट ने 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच मालवणी पुलिस कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, एक्ट्रेस को नूरानी ने अपनी आगामी फिल्म में काम देने और कहानी पर बातचीत करने के लिए मालवणी स्थित अपने घर बुलाया था।
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद एक्ट्रेस के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। शिकायत में एक्ट्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे कथित रूप से कोई नशीला पदार्थ दिया गया था। इसके बाद उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की गई। पीड़िता का दावा है कि घटना के बाद उसे इस बारे में किसी से बात नहीं करने की धमकी भी दी गई और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई।
जांच में जुटी पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस संबंधित लोगों के बयान, उपलब्ध दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर सकती है। अदालत ने फिलहाल आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेजा है।
किन फिल्मों से जुड़ा है नाम ?
शकील नूरानी लंबे समय तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहे हैं। वे लेखक, निर्माता और निर्देशक के तौर पर काम कर चुके हैं। उनके करियर में 1999 की फिल्म ‘बड़े दिलवाला’ और 2000 में रिलीज हुई ‘जोरू का गुलाम’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।