सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए सिलसिलेवार हमलों को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दी गई जानकारी के मुताबिक, हमलों में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में खास तौर पर 10 अक्टूबर को हुए हमले का जिक्र करते हुए इसे कायराना बताया। भारत ने स्पष्ट किया कि नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और ऐसे हमले तत्काल बंद होने चाहिए। साथ ही भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता के प्रति समर्थन जताया और क्षेत्र में शांति तथा सामान्य हालात जल्द बहाल होने की उम्मीद व्यक्त की।
अमेरिका ने भी जताई नाराजगी
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों की अमेरिका ने भी निंदा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वाशिंगटन हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल होगा, तो उन्होंने कहा कि इस पर विचार किया जा रहा है और जल्द फैसला लिया जाएगा। ट्रंप ने हमले को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि अमेरिका स्थिति पर नजर बनाए हुए है। रियाद एयरपोर्ट पर पिछले एक सप्ताह के दौरान कई बार हमले किए जाने की जानकारी सामने आई है। ये घटनाएं यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बड़े सैन्य अभियान के बाद हुई हैं। सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, इससे पहले 6 और 7 अक्टूबर को रियाद तथा आभा एयरपोर्ट पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी और 36 लोग घायल हुए थे।
दूसरे शहरों की ओर मोड़ी गईं उड़ानें
ताजा हमले के बाद सुरक्षा कारणों से किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घटनास्थल पर राहत कार्य के लिए दर्जनों एंबुलेंस तैनात रहीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे घर से निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, रियाद पहुंचने वाली उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट किया गया। वहीं FlightAware के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में एयरपोर्ट से कम से कम 225 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हमलों के बाद हवाई यातायात प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।