Guyana Boat Accident: गुयाना के उत्तरी अटलांटिक तट पर बड़ा समुद्री हादसा हो गया। 116 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री नाव समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 15 बच्चों समेत 67 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश जारी है। प्रशासन ने फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही थी नाव
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, एमवी बारिमा नाम की यात्री नाव राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही थी। यात्रा के दौरान पोमेरून नदी के पास यह हादसा हुआ। रात करीब 11 बजे आपातकालीन संदेश मिलने के बाद सरकारी एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
सरकारी टीमों के साथ निजी नावें भी जुटीं
हादसे के बाद बचाव अभियान में सरकारी एजेंसियों के साथ निजी नावों की भी मदद ली जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 67 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। राहत दल समुद्र में लगातार लापता यात्रियों की तलाश कर रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ और लोगों को सुरक्षित निकाला जा सकता है। हालांकि, प्रशासन ने अभी लापता लोगों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
मेडिकल टीमें भी मौके पर तैनात
प्रशासन के अनुसार, अभी तक किसी भी यात्री की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल पूरा ध्यान राहत और बचाव अभियान पर केंद्रित है। तटीय इलाके में मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षित निकाले गए यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं, लापता लोगों के परिजन लगातार बचाव अभियान से जुड़ी जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।
सुरक्षा इंतजाम होने के बावजूद कैसे हुआ हादसा?
सार्वजनिक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल के मुताबिक, एमवी बारिमा में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे। हादसे के समय नाव पर 250 लाइफ जैकेट, दो मजबूत लाइफ राफ्ट्स और छह हवा भरने वाली बोट्स उपलब्ध थीं। इतने सुरक्षा इंतजाम होने के बावजूद यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती चरण में दुर्घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।
Read More:
पहाड़ों पर रेड अलर्ट: उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का खतरा, कई जिलों में स्कूल बंद

