उत्तर प्रदेश के कानपुर से हनुमंत विहार में छह साल से फरार चल रहे गैर इरादतन हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 2020 में पार्टी के दौरान छोटे पैग को लेकर हुए विवाद में उसने अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर एक युवक को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया था। वहीं लखनऊ के काकोरी में पत्नी के शराब के लिए पैसे नहीं देने से नाराज एक युवक नशे की हालत में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।
छोटे पैग को लेकर हुआ था विवाद
हनुमंत विहार निवासी रामजी दीक्षित का बड़ा भाई सौरभ दीक्षित नवंबर 2020 में पड़ोस में किराए पर रहने वाले दोस्तों के घर गया था। वहां पार्टी के दौरान पैग को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि इलू, उसके भाई अजय, राज और एक अन्य व्यक्ति ने सौरभ के साथ मारपीट की और उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर हालत में सौरभ को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि इलू का भाई अजय मिश्रा फरार हो गया और करीब छह साल तक पुलिस को चकमा देता रहा।
नाम बदलकर देता रहा चकमा
हनुमंत विहार पुलिस ने मंगलवार को अजय मिश्रा को महादेवन मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था। उसने लंबी दाढ़ी-मूंछ और बाल बढ़ा रखे थे और अलग-अलग जगहों पर किराए के मकानों में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, न्यू आजाद नगर चौकी क्षेत्र के राम रतन नगर में कमरा लेते समय उसने अपना नाम ‘वीर चक्रधारी उर्फ छोटू’ बताया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके छह साल के फरारी के दौरान ठिकानों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
Read More
‘भारत से अच्छा पाकिस्तान’ विवादित पोस्ट मामले में ATS की कार्रवाई, ठाणे जिले से हिरासत में 5 आरोपी

