बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन(Ajay Devgn) अब बड़े पर्दे के साथ-साथ छोटे पर्दे पर भी नजर आने वाले हैं। वह फेमस क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को होस्ट करते दिखाई देंगे। इस बार शो की कमान लंबे समय तक इसे होस्ट करने वाले अनूप सोनी की जगह अजय देवगन संभालेंगे।
अजय की एंट्री के बाद दर्शकों में शो के नए अंदाज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। खास बात यह है कि अजय पहली बार टीवी पर बतौर होस्ट नजर आएंगे।
अजय देवगन को लेकर क्या बोले अनूप सोनी?
शो से लंबे समय तक जुड़े रहे अनूप सोनी ने अजय देवगन के होस्ट बनने पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ‘क्राइम पेट्रोल’ के साथ उनका जुड़ाव काफी लंबा और खास रहा है और इस दौरान दर्शकों से उन्हें भरपूर प्यार मिला। इसके लिए उन्होंने दर्शकों का आभार जताया।
अनूप ने यह भी साफ किया कि वह अजय देवगन के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने बताया कि वह अजय के साथ प्रकाश झा की फिल्मों ‘गंगाजल’ और ‘अपहरण’ में काम कर चुके हैं। उनका मानना है कि अजय शो में अपनी अलग शैली और सोच लेकर आएंगे। उन्होंने नए सीजन के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
31 अगस्त से शुरू होगा नया सीजन
‘क्राइम पेट्रोल’ की शुरुआत साल 2010 में हुई थी और अनूप सोनी करीब नौ साल तक इससे जुड़े रहे। अब शो का नया सीजन 31 अगस्त से शुरू होने की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन नए सीजन के करीब 15 एपिसोड की शूटिंग भी पूरी कर चुके हैं।
अनूप सोनी के नए प्रोजेक्ट
‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘बालिका वधू’ जैसे टीवी शोज से पहचान बनाने वाले अनूप सोनी अब फिल्मों और वेब सीरीज में भी सक्रिय हैं। उन्होंने बताया है कि आने वाले समय में वह एक फिल्म और एक वेब सीरीज में नजर आएंगे। दोनों प्रोजेक्ट्स में उनके किरदार पहले किए गए काम से काफी अलग बताए जा रहे हैं।