उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा होने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं भी चलीं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय हलचल के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ रही है। वहीं, बारिश और खराब मौसम का असर पर्यटन और धार्मिक यात्राओं पर भी दिखाई दे रहा है।
16 अक्टूबर तक खराब रह सकता है मौसम
हिमाचल प्रदेश की ऊझी घाटी में शनिवार दोपहर बाद बारिश हुई। मनाली के आसपास भी मौसम बदला, जबकि रोहतांग, कुंजम दर्रा, बारालाचा और शिंकुला सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में शुक्रवार रात भी बर्फ के फाहे गिरे थे। बारिश और हिमपात के बाद तापमान में गिरावट आई है। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने राज्य में 16 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी तथा मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 13 और 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
तापमान माइनस 3 डिग्री तक पहुंचा
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। इसके चलते शुरुआती समय में कैलाश पर्वत के दर्शन नहीं हो सके और कई यात्रियों को निराशा हुई। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ होने पर 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश के दर्शन किए। क्षेत्र में अभी भी तीन से चार फीट तक बर्फ जमा है। लगातार हिमपात के कारण तापमान गिरकर माइनस 2 से माइनस 3 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। इससे इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मलबा गिरने से तीन घंटे बंद रहा केदारनाथ पैदल मार्ग
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी खराब मौसम का असर पड़ा। चीरबासा के पास मलबा और पत्थर गिरने के कारण शनिवार सुबह छह बजे से नौ बजे तक यात्रियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड और सोनप्रयाग में यात्रियों को आगे बढ़ने से रोका गया।
Read More
दिव्य और शुद्ध! एक बार फिर राम मंदिर ने हासिल की खास उपलब्धि, FSSAI ने लगाई किस सर्टिफिकेट पर मुहर?

