महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दो साल के बच्चे के एक्सपायर्ड स्नैक खाने के बाद बीमार पड़ने से लोगों में गुस्से का माहौल है। शिकायत मिलने पर जांच के लिए पहुंचे खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अधिकारी को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने अधिकारी के सामने एक्सपायर्ड बिस्कुट के पैकेट रख दिए और उन्हें खुद बिस्कुट खाने के लिए कहा। इस दौरान कुछ लोगों ने जबरन बिस्कुट उनके मुंह में डालने की भी कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
एक्सपायर्ड स्नैक खाने के बाद बीमार हुआ बच्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके की एक दुकान से खरीदा गया नमकीन स्नैक मिक्स खाने के बाद दो साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को चक्कर आने लगे और हालत खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कार्यालय में शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद FDA का एक अधिकारी दुकान का निरीक्षण करने पहुंचा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अधिकारी के पहुंचने से पहले ही दुकान से संबंधित नमकीन स्नैक मिक्स के पैकेट हटा दिए गए थे। इससे लोगों का शक और गहरा गया।
दुकान में मिले एक्सपायर्ड बिस्कुट
जांच के दौरान FDA अधिकारी को दुकान में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड बिस्कुट के पैकेट मिले। आरोप है कि अधिकारी ने इन उत्पादों को जब्त तो किया, लेकिन दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की। इसी बात को लेकर स्थानीय लोग भड़क गए। भीड़ ने FDA अधिकारी को घेर लिया और उन पर दुकानदार को बचाने के लिए रिश्वत लेने का आरोप लगाया। लोगों ने एक्सपायर्ड बिस्कुट के पैकेट अधिकारी के सामने रखे और गुस्से में कहा, ‘इन्हें खुद खा लो।’ इसके बाद कुछ लोगों ने अधिकारी को जबरन बिस्कुट खिलाने की कोशिश की।
एक्सपायरी बिस्किट पर बवाल: FDA अधिकारी को भीड़ ने जबरन खिलाया बिस्किट
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वैजापुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर हंगामा हो गया। पान की टपरी से खरीदा गया ‘खट्टा-मीठा चिवड़ा’ खाने के बाद दो साल के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने पर उसे अस्पताल में… pic.twitter.com/EPAasz7dof
— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) August 29, 2026

