इंडोनेशिया के बैंटन प्रांत में शनिवार को एक कैंडी बनाने वाली फैक्टरी में भयानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 कर्मचारी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, फैक्टरी में आग इतनी तेजी से फैली कि कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। वहीं, हादसे में 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली है।
जकार्ता के पास स्थित फैक्टरी में लगी आग
यह दुर्घटना बैंटन प्रांत के सेरांग जिले में स्थित पीटी फोनुसा अगुंग मुलिया फैक्टरी में हुई। राजधानी जकार्ता के नजदीक मौजूद इस फैक्टरी में मिल्किटा ब्रांड के तहत कैंडी और स्नैक्स तैयार किए जाते हैं। ये उत्पाद मुख्य रूप से दूध से बनाए जाते हैं। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद 15 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें चार ऐसे कर्मचारी भी शामिल हैं, जिन्हें चोटें आई हैं। दूसरी तरफ, 36 लापता कर्मचारियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
12 घंटे बाद भी आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी
बैंटन खोज और बचाव एजेंसी के संचालन अधिकारी रिज्की द्वियांतो ने बताया कि फैक्टरी के कई हिस्सों में आग लगातार जल रही थी। दमकलकर्मी आग पर नियंत्रण पाने के साथ प्रभावित क्षेत्रों को ठंडा करने का काम भी कर रहे थे। घटना के 12 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी सेरांग जिले और बैंटन प्रांत की दमकल टीमें अभियान में लगी हुई थीं। टेलीविजन पर प्रसारित तस्वीरों में तीन मंजिला फैक्टरी आग की लपटों से घिरी दिखाई दी। इमारत से निकलता काला धुआं दूर तक नजर आ रहा था। आग बुझने के बाद प्रभावित हिस्सों में जली हुई धातु, मलबा और काली पड़ चुकी छत की चादरें बिखरी दिखाई दीं।
लापता कर्मचारियों के परिवारों में चिंता
हादसे के बाद फैक्टरी के बाहर लापता कर्मचारियों के परिजन बड़ी बेचैनी के साथ इंतजार करते नजर आए। परिवारों को अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
Read More
दक्षिण नाइजीरिया में बड़ा नाव हादसा, 24 लोगों की मौत, अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे सभी

