HomeBreaking News8 लाख बच्चों से CM धामी का संवाद, त्योहारों के जरिए दिया...

8 लाख बच्चों से CM धामी का संवाद, त्योहारों के जरिए दिया सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) ने गुरुवार को प्रदेश के करीब 8 लाख स्कूली विद्यार्थियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों से त्योहारों के साथ-साथ पढ़ाई, करियर, भविष्य के सपनों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिट्टी के दीये जलाने, स्थानीय कारीगरों के सामान खरीदने, साफ-सफाई रखने और पटाखों से दूरी बनाने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का जरिया नहीं हैं बल्कि ये परिवार और समाज को एक-दूसरे के करीब लाने का अवसर भी होते हैं। उन्होंने बच्चों से घर की सफाई में परिवार का हाथ बंटाने और स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देश और प्रदेश को साफ रखने में हर नागरिक की भूमिका जरूरी है। बच्चों की छोटी-छोटी पहल भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

‘वोकल फॉर लोकल’ पर दिया जोर

धामी ने विद्यार्थियों से दीपावली पर मिट्टी के दीये खरीदने और स्थानीय कुम्हारों व कारीगरों के बनाए उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपनाने से स्थानीय कारोबार को मजबूती मिलेगी और कारीगरों के परिवारों को भी त्योहार मनाने में मदद मिलेगी।

AI तकनीक से और बेहतर होगा बच्चों से संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में इस पहल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक की मदद से अधिक प्रभावी बनाने की योजना है। इससे बच्चों को उनकी जरूरत और रुचि के अनुसार शिक्षा, करियर और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव दिए थे। सरकार इन उपयोगी सुझावों को भविष्य की योजनाओं में शामिल करने पर भी विचार करेगी।

पढ़ाई के साथ मेहनत और अनुशासन भी जरूरी

CM धामी ने विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। अपने लक्ष्य तय करके लगातार मेहनत करनी चाहिए।

धामी ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ का संदेश देते हुए समझाया कि सफलता पाने के लिए मजबूत इरादे, अनुशासन और लगातार प्रयास जरूरी हैं। मुश्किलों से डरने के बजाय उनका सामना करना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।

यह भी पढ़ें : अमृतसर में हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 16 आरोपी गिरफ्तार, 2 हैंड ग्रेनेड…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments