HomeBreaking NewsCM धामी ने 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेताओं को किया...

CM धामी ने 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेताओं को किया सम्मानित

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) ने बुधवार को गाजियाबाद में आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विद्या भारती की ओर से आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM धामी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं बल्कि इनके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और देश के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाती है। हिमालय से लेकर कन्याकुमारी और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी सीमाओं तक के युवाओं का एक मंच पर आना भारत की विविधता और एकता को दर्शाता है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि खेल का मैदान अलग-अलग भाषा, संस्कृति और पहनावे वाले लोगों को एक साथ जोड़ता है। जीत खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जबकि हार अपनी गलतियों से सीखकर बेहतर बनने का मौका देती है।

शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी जोर

सीएम धामी ने विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर से शुरू हुई इसकी शैक्षिक यात्रा आज देश के कई हिस्सों तक पहुंच चुकी है। उत्तराखंड में भी संस्था के विद्यालय शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

CM धामी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता बढ़ाते हैं। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।

वहीं, उत्तराखंड सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले विद्या भारती के पदाधिकारियों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों की सराहना की। कार्यक्रम में संस्था के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : धनतेरस से पहले सोने-चांदी में जबरदस्त उछाल, चांदी ₹3,000 महंगी, जानें 22 कैरेट सोने…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments