स्पेन में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जिसमें करीब 46 लोगों की मौत होने की खबर है। सेंट्रल स्पेन के टोलेडो प्रांत में दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर के बाद कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है। रेल सिस्टम ऑपरेटर ADIF के मुताबिक, दुर्घटना के चलते मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंडालूसिया के बीच ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। राहत और बचाव से जुड़ी टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही हैं।
एक ही दिशा में चल रही थीं दोनों ट्रेनें
स्पेनिश सरकारी ब्रॉडकास्टर TVE की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में एक ही दिशा में जा रही दो हाई-स्पीड ट्रेनें शामिल थीं। बताया गया है कि एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, शुरुआती जानकारी में हादसे की गंभीरता सामने आई है, लेकिन दोनों ट्रेनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना की असल वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
टाउन हॉल में इलाज की व्यवस्था
हादसे के बाद आसपास के इलाकों से मदद के लिए टीमें जुटाई गईं। नजदीकी शहर उर्दा के मेयर मैनुअल गैलन ने TVE को बताया कि दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए सिविल प्रोटेक्शन अधिकारियों ने स्थानीय टाउन हॉल से एक स्पोर्ट्स पवेलियन तैयार रखने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर वहां घायलों की मदद की जा सके। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में सहयोग कर रहा है। हादसे में घायल यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
मेयर घटनास्थल के लिए रवाना
पास के गांव लॉस येबेनेस के मेयर जीसस पेरेज ने भी हादसे की गंभीरता की ओर इशारा किया। उन्होंने TVE से बातचीत में कहा कि शुरुआती हालात को देखकर दुर्घटना काफी भयावह लग रही है। कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के राष्ट्रपति एमिलियानो गार्सिया-पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों, हताहतों की अंतिम संख्या और रेल परिचालन बहाल होने के समय को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
Read More
BJP का बड़ा दांव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव लड़ेंगे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी!

