HomeBreaking Newsयमन में हूतियों का बड़ा हमला, सैन्य ट्रेनिंग कैंप पर 3 बैलिस्टिक...

यमन में हूतियों का बड़ा हमला, सैन्य ट्रेनिंग कैंप पर 3 बैलिस्टिक मिसाइलें दागने से 18 लोगों की मौत

यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच संघर्ष तेज हो गया है। सोमवार को यमन के शबवा प्रांत में एक सैन्य प्रशिक्षण शिविर पर हुए हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। रॉयटर्स के मुताबिक, सरकारी और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े चार सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। सूत्रों का कहना है कि हमले के दौरान प्रशिक्षण ले रहे सैनिकों को निशाना बनाया गया और हूती विद्रोहियों ने तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस घटना ने यमन में जारी संघर्ष के और व्यापक होने की आशंका बढ़ा दी है।

तीन मिसाइलें दागने का दावा

सरकारी सूत्रों के अनुसार, हमला सोमवार सुबह शबवा प्रांत में यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के सैन्य प्रशिक्षण शिविर पर किया गया। उस समय वहां सैनिक प्रशिक्षण ले रहे थे। हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोही यमन की राजधानी सना और देश के उत्तरी हिस्सों के बड़े क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का समर्थन हासिल है। हाल के हफ्तों में दोनों पक्षों के बीच लड़ाई तेज हुई है। यह संघर्ष ऐसे समय बढ़ रहा है, जब क्षेत्र में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच टकराव के बाद तनाव पहले से बढ़ा हुआ है।

सऊदी अरब के नजरान में प्रोजेक्टाइल गिरा

यमन के अलावा सऊदी अरब में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को नजरान के एक रिहायशी इलाके में हूती विद्रोहियों से जुड़ा एक प्रोजेक्टाइल गिरा। घटना में छह नागरिक घायल हुए, जबकि तीन मकानों और तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा। सिविल डिफेंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि नागरिकों से जुड़ी जगहों को निशाना बनाने की कोशिश अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गईं। इससे पहले रविवार दोपहर शहर में संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में खतरा टलने पर वापस ले लिया गया।

अदन में राष्ट्रपति महल और हवाई अड्डे पर भी हमलों की खबरें

यमन में पिछले दिनों भी बड़े हमलों की खबरें सामने आई थीं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 15-16 अक्टूबर को अदन स्थित राष्ट्रपति महल अल-माशिक पैलेस पर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का दावा किया गया था। इस हमले में पांच लोगों की मौत और 16 लोगों के घायल होने की खबर थी, जबकि प्रधानमंत्री सुरक्षित बताए गए थे। इसके अगले दिन अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो मिसाइलें गिरने की जानकारी सामने आई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। सऊदी अरब के अहम ठिकानों पर भी हमलों और मिसाइलों को रोकने की कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं।

Read More

नवरात्रि पर चमक उठे सोना और चांदी, दामों में आई भारी तेजी, जानिए आपके शहर में क्या है नया रेट

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments