Pilibhit Firing: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला मेले के दौरान सोमवार रात हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष ने रायफल से अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग में चार लोग गोली लगने से घायल हुए, जिनमें 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंकित के भाई मोहित गुप्ता ने बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है।
कुनाल और अंकित की मौके पर मौत
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां सिर में गोली लगने से घायल 14 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव और कंधे में गोली लगने से घायल अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अंकित के भाई मोहित गुप्ता की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।
कौशल गुप्ता और साथियों पर फायरिंग का आरोप
आरोप है कि कौशल गुप्ता और उसके साथियों ने छोटे से विवाद के बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस ने गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही है। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मेले के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद
अमरिया कस्बे में नवरात्रि के अवसर पर हर साल रामलीला का मंचन और मेला आयोजित किया जाता है। पिछले वर्ष मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे अमित गुप्ता ने सोमवार रात बैठक बुलाई थी। बैठक में मेले के खर्चों के हिसाब-किताब को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान कस्बे का रहने वाला कौशल गुप्ता, जो इस बार मेला कमेटी का पदाधिकारी बनने की दावेदारी कर रहा था, ने खर्चे के हिसाब पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कहासुनी के बाद अचानक चलने लगीं गोलियां
पुलिस के अनुसार, अमित गुप्ता और उनके सहयोगी कुणाल गुप्ता आदि ने कौशल के हंगामे पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पूरी कमेटी मौजूद है और प्रत्येक खर्च का हिसाब दिया जा रहा है, इसलिए संयम से काम लिया जाए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते गोलियां चलने से चार लोग घायल हो गए।
भारी पुलिस बल तैनात
तीन लोगों की मौत के बाद अमरिया कस्बे में तनाव का माहौल है। घटना के बाद लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। जिला अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच जारी है।
Read More:


[…] UP: रामलीला मेले में हिसाब-किताब के विवा… […]