HomeBreaking Newsहिसार में प्रिंटिंग प्रेस चलाने वाले की बेटी छवि ने रचा इतिहास,...

हिसार में प्रिंटिंग प्रेस चलाने वाले की बेटी छवि ने रचा इतिहास, HPSC में 5वीं रैंक के साथ बनी SDM

हरियाणा के हिसार(Hisar) स्थित डोगरान मोहल्ले की रहने वाली 23 वर्षीय छवि सरदाना ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षा में उन्होंने पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ उनका एसडीएम बनने का सपना पूरा होने की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा है। गुरुवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल बन गया।

छवि ने परीक्षा में कुल 385.8 अंक हासिल किए। उनकी इस कामयाबी से परिवार के सदस्यों और परिचितों में उत्साह है। परिणाम सामने आते ही घर पर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।

पिता चलाते हैं प्रिंटिंग प्रेस, मां हैं गृहिणी

छवि के पिता चिराग सरदाना पिछले करीब 20 वर्षों से प्रिंटिंग प्रेस का काम कर रहे हैं, जबकि उनकी मां सुमन सरदाना घर संभालती हैं। बेटी की सफलता पर पिता ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि परिणाम की जानकारी मिलने पर उन्होंने ऑनलाइन रिजल्ट देखा। जैसे ही छवि की पांचवीं रैंक का पता चला, परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

उन्होंने बताया कि छवि बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही है। लगातार प्रयास और लगन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंची है।

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से की LLB

छवि ने पिछले साल पटियाला स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। लगभग एक साल से वह यूपीएससी, पीसीएस और एचसीएस की तैयारी में जुटी थीं। बेहतर मार्गदर्शन के लिए उन्होंने चंडीगढ़ और दिल्ली में कोचिंग भी ली।

परिवार के मुताबिक, छवि पीसीएस और यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षाओं में भी सफल हो चुकी हैं। इन दोनों परीक्षाओं के मुख्य परिणाम अभी आने बाकी हैं।

भाई भी कर रहे हैं इंजीनियरिंग की पढ़ाई

छवि के छोटे भाई हार्दिक सरदाना गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहे हैं। बहन की सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। छवि की उपलब्धि यह दिखाती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत से बड़ी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : पंजाब के सरकारी स्कूलों में मेगा PTM की तैयारी, अभिभावकों को मिलेगी बच्चों की रिपोर्ट…

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments