Russia US Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर रूस को लेकर घरेलू राजनीति में घिर गए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच ट्रंप प्रशासन ने रूस से डीजल खरीदने का फैसला किया है। ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी दी। अमेरिका आने वाले समय में रूस से कुल 30 लाख टन डीजल खरीदेगा। साथ ही रूस पर तेल बिक्री से जुड़ी पाबंदियां भी हटा दी गई हैं।
अप्रैल 2027 तक होगी बड़ी खरीद
ट्रंप की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रूस तुरंत अमेरिका को 3 लाख टन डीजल की सप्लाई करेगा। इसके बाद नवंबर-दिसंबर में 5 लाख टन डीजल की आपूर्ति होगी। बाकी खरीद कम समय में पूरी करने का लक्ष्य है और अप्रैल 2027 तक अमेरिका रूस से कुल 30 लाख टन डीजल खरीद लेगा।
ट्रंप पर अपने ही देश में हमला
रूस से डील ऐसे समय हुई है जब ट्रंप लगातार रूस के साथ-साथ यूक्रेन युद्ध को लेकर अपनी नीतियों को लेकर चर्चा में हैं। रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी देने वाले ट्रंप के खुद रूस से डील करने पर अमेरिका में सवाल उठ रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और अमेरिकी सीनेट के सांसद रिचर्ड ब्लूमेंथल ने इस फैसले की कड़ी आलोचना की है।
सीनेटर ने बताया शर्मनाक फैसला
रिचर्ड ब्लूमेंथल ने कहा कि रूसी डीजल पर लगी पाबंदियां हटाने का राष्ट्रपति का फैसला शर्मनाक है। उनके मुताबिक, इस कदम से अमेरिका यूक्रेन के खिलाफ व्लादिमीर पुतिन की जंग में उनका साथी बन जाता है।
चीन और रूस को फायदा पहुंचने का दावा
ब्लूमेंथल ने आगे कहा कि ईरान में ट्रंप की गैर-कानूनी जंग से हुई तबाही को कम करने की यह छिपी हुई कोशिश सिर्फ चीन और रूस की अर्थव्यवस्थाओं को फायदा पहुंचाएगी और यूक्रेन में और भी बेगुनाह लोगों की जान लेगी।
‘हत्यारे तानाशाह’ से समझौते पर सवाल
अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने कहा कि एक हत्यारे तानाशाह के साथ यह समझौता अमेरिका की छवि पर दाग है। उन्होंने इसे लिंडसे ग्राहम की याद का अपमान और दोनों पार्टियों के समर्थन वाले प्रतिबंध बिल में कांग्रेस की मंशा के बिल्कुल उलट बताया। उन्होंने राष्ट्रपति से समझौता तुरंत रद्द करने की मांग की।
अमेरिकी कंपनियों को भी चेतावनी
ब्लूमेंथल ने उन अमेरिकी कंपनियों को भी चेतावनी दी, जो पुतिन का ‘खून-खराबे का पैसा’ लेने पर विचार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी कंपनियों पर नजर रख रही है।
जेलेंस्की ने भी जताई आपत्ति
ट्रंप और पुतिन की डील को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। जेलेंस्की ने ट्रंप के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि मॉस्को को पेट्रोलियम प्रोडक्ट बेचने की अनुमति देने से रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए अतिरिक्त फंड मिलेगा।
Read More:
जम्मू-कश्मीर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 100 अधिकारियों के हुए तबादले…

