Anil Chakravarthy Adobe New CEO: सिलिकॉन वैली में भारतीय मूल के दिग्गजों का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है। दुनिया की प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर कंपनी Adobe ने भारतीय मूल के अनिल चक्रवर्ती को अपना अगला प्रेसिडेंट और CEO नियुक्त करने का ऐलान किया है। वह 1 दिसंबर 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। पिछले 18 वर्षों से कंपनी का नेतृत्व कर रहे भारतीय मूल के शांतनु नारायण पद छोड़ने के बाद एग्जीक्यूटिव चेयर की भूमिका में रहेंगे और रणनीतिक बदलावों में अनिल चक्रवर्ती के मेंटर बने रहेंगे।
वाराणसी से जुड़ा है खास नाता
अनिल चक्रवर्ती ने IIT वाराणसी से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में B.Tech की पढ़ाई की। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए, जहां दुनिया के नंबर-1 तकनीकी संस्थान मैसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Massachusetts Institute of Technology) से मास्टर ऑफ साइंस और पीएच.डी. (Ph.D.) की डिग्री हासिल की। तकनीकी विशेषज्ञता के साथ उनके पास ग्लोबल बिजनेस स्ट्रेटजी का भी लंबा अनुभव है।
Informatica के CEO रह चुके हैं
Adobe की कमान संभालने से पहले चक्रवर्ती ग्लोबल टेक इंडस्ट्री की कई बड़ी कंपनियों में अहम पदों पर काम कर चुके हैं। वर्ष 2015 से 2020 तक वह एंटरप्राइज क्लाउड डेटा मैनेजमेंट कंपनी Informatica के CEO रहे। इससे पहले उन्होंने Symantec, VeriSign और दुनिया की सबसे बड़ी कंसल्टिंग फर्म McKinsey & Company में भी वरिष्ठ पदों पर जिम्मेदारी निभाई।
2020 में Adobe से जुड़े
अनिल चक्रवर्ती ने जनवरी 2020 में Adobe में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर के तौर पर एंट्री की थी। सितंबर 2020 में उन्हें कंपनी के ग्लोबल फील्ड ऑपरेशंस की जिम्मेदारी मिली। दिसंबर 2021 तक वह पूरे डिजिटल एक्सपीरियंस और वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस के प्रेसिडेंट बन चुके थे।
AI प्रोडक्ट्स में निभाई अहम भूमिका
Adobe में अपने कार्यकाल के दौरान चक्रवर्ती ने कई गेम-चेंजर AI प्रोडक्ट्स जैसे Adobe CX Enterprise, GenStudio और Brand Visibility को लीड किया। इसके अलावा Workfront और Semrush जैसी कंपनियों के अधिग्रहण और उन्हें Adobe के साथ इंटीग्रेट करने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
CEO पद की रेस में वधवानी को पछाड़ा
मार्च 2026 में जब शांतनु नारायण ने पद छोड़ने के संकेत दिए थे, तब CEO पद की रेस में अनिल चक्रवर्ती और कंपनी के क्रिएटिविटी कारोबार के प्रमुख डेविड वधवानी सबसे आगे माने जा रहे थे। आखिरकार चक्रवर्ती ने इस मुकाबले में वधवानी को पीछे छोड़ दिया। डेविड वधवानी ने 15 सालों तक Adobe में काम करने के बाद कंपनी छोड़ने का फैसला किया है।
AI के दौर में बड़ी चुनौती
अनिल चक्रवर्ती ऐसे समय में Adobe की कमान संभाल रहे हैं, जब टेक इंडस्ट्री में AI को लेकर बड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है। Adobe को एक ओर Canva से कड़ी चुनौती मिल रही है, तो दूसरी ओर OpenAI और Anthropic जैसी AI रिसर्च लैब अपने नए टूल्स के जरिए डिजाइन और वीडियो क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रही हैं।
अब सबकी नजर चक्रवर्ती पर
एजेंटिक AI के दौर में Adobe के सामने अपनी तकनीकी बढ़त बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में अब पूरी दुनिया की नजरें अनिल चक्रवर्ती पर हैं कि वह अपनी तकनीकी समझ और ग्लोबल बिजनेस अनुभव के दम पर Adobe को AI के इस नए दौर में किस तरह और मजबूत बनाते हैं।
Read More:
जॉर्जिया मेलोनी ने बनाया लंबे समय तक PM बने रहने का रिकॉर्ड, PM मोदी ने दी बधाई

