दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई IndiGo की फ्लाइट को गुरुवार को बीच रास्ते में मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। विमान में सवार क्रू के एक सदस्य की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पायलटों ने मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और फ्लाइट को ओमान की राजधानी मस्कट में उतारा गया। एयरलाइन के मुताबिक, मेडिकल जांच के बाद बीमार क्रू सदस्य की हालत अब बेहतर है। यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की गई है।
उड़ान के करीब दो घंटे बाद बदला रास्ता
फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार A320neo विमान, जिसका फ्लाइट नंबर 6E 1302 था, दोहा से करीब एक घंटे की देरी के बाद सुबह लगभग 3 बजे रवाना हुआ। उड़ान भरने के दो घंटे से भी कम समय बाद विमान ने बेंगलुरु जाने के बजाय मस्कट की दिशा में रुख कर लिया। उड़ान के दौरान पायलट के बीमार पड़ने के बाद विमान से ‘Mayday’ इमरजेंसी घोषित की गई। इसके बाद सुरक्षा और मेडिकल जरूरतों को देखते हुए फ्लाइट को मस्कट में उतारने का फैसला किया गया।
IndiGo ने बताया क्यों किया गया डायवर्ट?
घटना को लेकर IndiGo ने कहा कि उसके क्रू के एक सदस्य को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी। इसी वजह से फ्लाइट का रूट बदलकर मस्कट किया गया। विमान के वहां पहुंचने के बाद मेडिकल टीम ने संबंधित क्रू सदस्य की जांच की और एयरलाइन के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है। मस्कट में यात्रियों को इंतजार के दौरान रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया। एयरलाइन की ओर से उन्हें उड़ान से जुड़ी जानकारी भी नियमित रूप से दी गई।
Read More
राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO जितेंद्र मिश्रा पहुंचे अयोध्या, बोले- राष्ट्र सेवा के बाद रामभक्तों की सेवा का मिला अवसर