नेपाल में बाढ़ की भीषण तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल 41 सेकंड के इस वीडियो में कुछ लोग बाढ़ में मारी गई एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नेपाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
शव से बालियां निकालते दिखे लोग
वायरल वीडियो में दो लोग एक महिला के शव को लकड़ी के तख्तों की मदद से खींचकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे महिला के दोनों कानों से सोने की बालियां निकाल लेते हैं। वीडियो में आसपास कई लोग भी खड़े नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया। वीडियो इंटरनेट पर फैलते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग होने लगी।
नेपाल पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
वीडियो वायरल होने के बाद नेपाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि महिला के शव से बालियां निकालने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना से संबंधित वीडियो का एक हिस्सा भी साझा किया है।
बाढ़ में करीब 400 लोगों की मौत
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नेपाल और तिब्बत में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आपदा में अब तक करीब 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नेपाल-तिब्बत सीमा से जुड़े इलाकों में बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। बाढ़ के कारण सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई इलाकों में मलबा जमा है, जिससे राहत और बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में मुश्किल हो रही है।
290 भारतीय नागरिकों की भी तलाश
आपदा के बीच कई भारतीय नागरिकों के प्रभावित इलाकों में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। भारत सरकार करीब 290 लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है। वहीं, तेजी से भर रही एक नई बनी झील ने भी खतरा बढ़ा दिया है। प्रशासन इसकी लगातार निगरानी कर रहा है, क्योंकि इसके टूटने की स्थिति में आसपास के इलाकों में दोबारा बड़े पैमाने पर बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है।
Read More
‘आज रक्षाबंधन है, मगर आप नहीं हैं…’ अपने दिवंगत भाई अजित दादा को याद कर भावुक हुईं सुप्रिया सुले

