महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा में सोशल मीडिया पर देश-विरोधी और भड़काऊ पोस्ट किए जाने के मामले में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने कार्रवाई की है। ATS ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर ‘भारत से अच्छा पाकिस्तान है’ जैसे आपत्तिजनक संदेश पोस्ट किए थे। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा संपर्कों की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच
ATS के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। जांच एजेंसी उनके सोशल मीडिया पोस्ट, चैट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आपत्तिजनक पोस्ट व्यक्तिगत तौर पर किए गए थे या इनके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका थी। जांच में संदिग्धों के बैकग्राउंड और संभावित पाकिस्तान कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी विदेशी संगठन से उनके सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
2022 से टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े होने का दावा
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पांचों संदिग्ध वर्ष 2022 से टेलीग्राम के एक ग्रुप से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि इस ग्रुप को कश्मीर का रहने वाला एक व्यक्ति संचालित करता था। ATS अब इस ग्रुप की गतिविधियों और इससे जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ग्रुप में किस तरह की सामग्री साझा की जाती थी और क्या हिरासत में लिए गए लोगों की गतिविधियां किसी व्यापक नेटवर्क से जुड़ी थीं।
स्वतंत्रता दिवस से पहले ATS की बढ़ी सतर्कता
मुंब्रा से पहले भी आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच एजेंसियों ने यहां स्लीपर सेल के नेटवर्क का पता लगाया है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस से पहले सोशल मीडिया पर सामने आए इस तरह के पोस्ट को ATS गंभीरता से ले रही है। फिलहाल पांचों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
Read More
‘अनाथ-विधवा सेस’ से महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल! जानें कहां लागू है ये टैक्स

