BJP leader Nitin Nabin Punjab Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जून से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में आयोजित कई धार्मिक, सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने उनके कार्यक्रम की जानकारी दी है।
20 जून को अमृतसर से होगी शुरुआत
दौरे के पहले दिन नितिन नबीन अमृतसर पहुंचेंगे और श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह जलियांवाला बाग, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में दर्शन करेंगे। शाम को वह जालंधर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
21 जून को नितिन नबीन जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह लुधियाना पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
उद्योगपतियों और व्यापारियों से करेंगे संवाद
लुधियाना प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह उद्योगपतियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
22 जून को करेंगे बैठक
दौरे के अंतिम दिन नितिन नबीन सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर एक युवा सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं के साथ संवाद पर विशेष जोर रहेगा।
संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम के तहत भाजपा पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश कोर ग्रुप के साथ भी अहम बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा ने बताया दौरे का उद्देश्य
प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन के अनुसार, यह दौरा पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार को नई गति देगा। उनका कहना है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक पार्टी की पहुंच और मजबूत होगी तथा कार्यकर्ताओं को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
Read More:

