पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा(Sanjeev Arora) से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर कई घंटों तक चली जांच के बाद ईडी की टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हुई। सूत्रों के मुताबिक, मंत्री की गाड़ी भी एजेंसी के काफिले के साथ दिल्ली के लिए निकली है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर ईडी ने हिरासत या गिरफ्तारी को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
अब दिल्ली ले जा रही ED
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान संजीव अरोड़ा की तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों की एक टीम भी उनके घर पहुंची थी। मेडिकल जांच के बाद एजेंसी की पूछताछ आगे बढ़ाई गई। अब ईडी उन्हें आगे की जांच और पूछताछ के लिए दिल्ली ले जा रही है।
ED की टीम ने कई जगहों पर की थी छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला कथित फर्जी जीएसटी खरीद, मनी लॉन्ड्रिंग और निर्यात कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच से संबंधित है। जांच एजेंसियों को शक है कि मोबाइल फोन कारोबार में फर्जी बिलिंग के जरिए करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और GST रिफंड हासिल किया गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह से ही ईडी की टीम ने संजीव अरोड़ा से जुड़े कई परिसरों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी। इस दौरान दस्तावेज खंगाले गए, डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की गई और कई लोगों से पूछताछ भी हुई। लंबे समय तक चली कार्रवाई के बाद एजेंसी ने अरोड़ा को अपने साथ ले लिया। फिलहाल मामले में ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।