HomeBreaking Newsसीवर बना सिरदर्द, कानपुर में महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, देने लगी छत...

सीवर बना सिरदर्द, कानपुर में महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, देने लगी छत से कूदने की चेतावनी…

उत्तर प्रदेश के कानपुर(Kanpur) में नगर निगम और जलकल विभाग की लापरवाही से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लंबे समय से सीवर जाम की समस्या से परेशान एक महिला ने शुक्रवार को ऐसा कदम उठाया जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विराटनगर निवासी प्रतिभा पांडेय अपने घर की दूसरी मंजिल की छत पर चढ़ गईं और समस्या का समाधान न होने पर जान देने की धमकी देने लगीं। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, इलाके के करीब 50 परिवार पिछले आठ महीनों से सीवर जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। गलियों में गंदा पानी भरा रहने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई घरों में सीवर का पानी अंदर तक पहुंचने लगा है जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसों पुरानी लाइनें जवाब दे चुकी हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा।

प्रतिभा पांडेय ने लगाया आरोप

प्रतिभा पांडेय ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार नगर निगम और जलकल विभाग से शिकायत की लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही और परेशानी से तंग आकर उन्होंने विरोध का यह तरीका अपनाया।

महिला के छत पर चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों ने उन्हें नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की लेकिन वह अधिकारियों को मौके पर बुलाने और तुरंत काम शुरू कराने की मांग पर अड़ी रहीं।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलने पर चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि सीवर की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। काफी देर की मशक्कत के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुईं।

मामले ने तूल पकड़ा तो जलकल विभाग भी सक्रिय हुआ। विभाग के जेई प्रदीप मौर्य ने बताया कि शनिवार से सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। वहीं प्रतिभा पांडेय ने साफ कहा है कि यदि इस बार भी समस्या जस की तस रही तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी।

यह भी पढ़ें : शुभेंदु अधिकारी ने ली बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ, लेकिन ममता बनर्जी खुद को बता…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments